भाभी से चल रहा था प्रेम प्रसंग, ताऊ के बेटे ने युवक की कर दी हत्‍या

कैथल में प्रेम संबंध की वजह से हत्‍या कर दी गई। हाबड़ी के युवक को मार डाला गया। युवक का ताऊ के लड़के की पत्नी से चल रहा था प्रेम प्रसंग। युवक के पिता ने अपने बड़े भाई के बेटे पर लगाया हत्या का आरोप।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 02:28 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 02:48 PM (IST)
भाभी से चल रहा था प्रेम प्रसंग, ताऊ के बेटे ने युवक की कर दी हत्‍या
भाभी से प्रेम प्रसंग होने की वजह से हत्‍या।

पूंडरी (कैथल), संवाद सहयोगी। बीती रात हाबड़ी से सिरसल मार्ग पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक 24 वर्षीय युवक रवि कुमार कैथल में आटो चलाता था। युवक का ताऊ के लड़के से रंजिश चल रही थी। आरोप है कि ताऊ के लड़के की पत्‍नी से युवक का प्रेम प्रसंग था। पुलिस ने मृतक के पिता भीमाराम की शिकायत पर उसके भतीजे सोनू कुमार व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूंडरी पुलिस को दी शिकायत में गांव हाबड़ी निवासी भीमा राम ने कहा है कि वो मेहनत मजदूरी करता है। उसके पास चार लड़कियां और दो लड़के है। चारों लड़कियों की उसने शादी कर रखी है और दोनों लड़के अभी अविवाहित हैं। भीमा राम का कहना है कि उसका छोटा लड़का रवि, जो कि पिछले तीन साल से उसकी लड़की रीना के पास सीवन गेट कैथल में रहता था और वहीं पर आटो चलाने का काम करता था। वह दो महीने बाद अपने घर हाबड़ी आता था।

भीमाराम का कहना है कि उसके बड़े भाई पालाराम के लड़के सोनू की अपनी पत्नी पूजा से अनबन है। सोनू के पास चार बच्चे हैं। करीब एक वर्ष पहले सोनू की पत्नी पूजा ने परिवार वालों के समक्ष कहा था कि वो अब सोनू के साथ नहीं, रवि के साथ रहना चाहती है। उसके बाद पूजा लड़-झगड़ कर अपने मायके गांव बालू जिला करनाल चली गई।

आरोप है कि पूजा अपने मायके से कैथल आकर रवि कुमार से मिलती थी, जिस कारण उसके भतीजे की उसके बेटे से रंजिश हो गई। इस बात को लेकर कई बार कहासुनी हुई और सोनू ने रवि को जान से मारने की धमकी भी दे रखी थी। भीमा राम के अनुसार तीन अगस्त को रवि अपने घर हाबड़ी आया हुआ था और चार अगस्त को सुबह वो अपना आटो लेकर कैथल के लिए निकल गया। रात को किसी ने भीमा राम को जानकारी दी कि उसका बेटा रवि कुमार हाबड़ी सिरसल रोड पर मृत पड़ा है।

सूचना पर वो अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचा और देखा कि उसका बेटा खून से लथपथ अपने आटो से दस कदम की दूरी पर पड़ा था। उसके सिर, गर्दन और पेट में तेज हथियार से वार किए गए थे। भीमाराम ने अपने बेटे के कत्ल के पीछे भतीजे सोनू कुमार व उसके साथियों की साजिश बताई है। पुलिस ने भीमाराम की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन

थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस को चार अगस्त की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित अभी फरार है। जिला पुलिस अधीक्षक ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया है।

chat bot
आपका साथी