यमुनानगर के विधायक घनश्‍याम दास ने कहा, विकास कार्यों से समझौता किया तो होगी कार्रवाई

यमुनानगर के विधायक घनश्‍याम दास ने विकास कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकरियों को अल्‍टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। जानिए शहर से जुड़ी कुछ विकास परियोजनाओं को लेकर क्‍या कहा।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 09 Oct 2021 12:14 PM (IST) Updated:Sat, 09 Oct 2021 12:14 PM (IST)
यमुनानगर के विधायक घनश्‍याम दास ने कहा, विकास कार्यों से समझौता किया तो होगी कार्रवाई
यमुनानगर के विधायक घनश्‍याम दास ने अधिकारियों को दिया अल्‍टीमेटम।

यमुनानगर, [पोपीन पंवार]। कई विकास परियोजनाओं पर शहरवासियों की नजर है। कुछ अधर में हैं तो कुछ पर काम चल रहा है। इनके पूरी होने पर शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। पानी की निकासी, स्वास्थ्य सेवाएं व पेयजल आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए लगातार प्रयास भी किए जा रहे हैं। लेकिन किन्हीं कारणों के चलते ये समय पर पूरी नहीं हो पाई हैं। शहर से जुड़ी कुछ विकास परियोजनाओं व भविष्य की रणनीति को लेकर दैनिक जागरण संवाददाता ने विधायक घनश्याम दास अरोड़ा से बातचीत की। बातचीत के अंश इस प्रकार हैं।

सवाल : शहर में बारिश के पानी की निकासी की समस्या बड़ी है। जगाधरी बस स्टैंड से लेकर बाइपास चौक तक पाइप लाइन बिछाने का काम भी अधर में है।

जवाब : देखिए, यह एक बड़ी परियोजना है। वन विभाग व पीड्ब्ल्यूडी से समय पर एनओसी न मिलने के कारण इस काम में देरी हुई है। मैं खुद लगातार मोनिटरिंग कर रहा हूं। जल्दी ही यह काम पूरा हो जाएगा।

सवाल : शहर की विभिन्न कालोनियों व मुख्य सड़कों के किनारे लगाई जा रही टाइलों की क्वालिटी पर कई बार सवाल उठ चुके हैं।

जवाब : अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हुए हैं कि विकास कार्यों में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न किया जाए। मैं स्वयं भी समय-समय पर निरीक्षण करता हूं। गत माह टाइलों की गुणवत्ता में शिकायत मिली थी। उस मामले में ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

सवाल : विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर क्या प्रयास किए जा रहे हैं?

जवाब : शहर में बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। 69 कालोनियों को नियमित करवाकर विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करवा दी है। काफी कालोनियां और हैं जिनको नियमित करवाने के लिए लिस्ट सरकार को भेजी हुई है। इसके अलावा अमृत योजना के तहत 33 ट्यूबवेल लगाए जा चुके हैं। सीवरेज लाइन लगभग बिछ चुकी है। जो काम बाकी रह गया है, वह भी जल्दी पूरा करवा दिया जाएगाा। इसको लेकर समय-समय पर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली जाती है। बाडी माजरा पुल का निर्माण, स्वर्णजयंती पार्क, चांदपुर में पावर हाउस सहित अन्य कई ऐसे काम हैं जो इस सरकार के कार्यकाल में ही संभव हो पाए हैं। हर वार्ड में इन दिनों विकास कार्य चल रहे हैं।

सवाल : मेडिकल कालेज बनाए जाने की योजना कहां तक पहुंची है।

जवाब : मेडिकल कालेज जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। विधानसभा क्षेत्र के गांव पांजुपुर में जमीन चिन्हित कर ली गई है। आगामी प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है जल्दी ही पूरी हो जाएगी।

सवाल : शहर में सफाई व कचरा उठान की समस्या बड़ी है। हालांकि निजी कंपनी को टेंडर दिया हुआ है, लेकिन कई कालोनियों में हालात खराब हैं।

जवाब : सफाई व्यवस्था पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। यदि किसी कालोनी में नियमित रूप से कचरे का उठान नहीं हो रहा है तो इस बारे ठेकेदार से बात करेंगे। इस मामले में बिलकुल भी ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

सवाल : भविष्य की क्या प्लानिंग है?

जवाब : जिला में एग्रोफोरेस्ट्री का बड़ा एरिया है। इसलिए कृषि वानिकी से संबंधित शोध के लिए फोरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट खोले जाने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र में यह इंस्टीट्यूट खुलवाना व ट्रक अड्डे का निर्माण मेरी प्राथमिकता है।

सवाल : आप जैविक खेती भी बेहतरी से कर रहे हैं। आज के संदर्भ इसकी कितनी आवश्यकता है। किसान किस तरह इसको बेहतरी से कर सकते हैं।

जवाब : देखिए, जैविक खेती आज की मांग है। क्योंकि फसलों में अंधाधुंध रसायनों छिड़काव से बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। तीन साल पहले मैने जैविक खेती शुरू की थी। सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। हालांकि मुनाफा कम है, लेकिन मुझे खुशी इस बात है कि मेरे शहर को शुद्ध सब्जियां व फल मिल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी