नाइट ड्यूटी नहीं करना चाहता था, तब भी काम पर लगाया, चोट लगने पर हाथ कटा, मालिक पर केस दर्ज

फैक्‍ट्री में काम करते समय श्रमिक को चोट लग गई। उसका हाथ तक काटना पड़ गया। अब मालिक पर केस दर्ज कर लिया गया है। मां का आरोप है कि फैक्टरी मालिक ने जबरदस्ती बेटे को नाइट ड्यूटी पर रखा।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 29 Jun 2021 01:52 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jun 2021 01:52 PM (IST)
नाइट ड्यूटी नहीं करना चाहता था, तब भी काम पर लगाया, चोट लगने पर हाथ कटा, मालिक पर केस दर्ज
पानीपत में एक श्रमिक के फैक्‍ट्री में चोट लगी।

पानीपत, जागरण संवाददाता। पानीपत की एक फैक्‍टरी में काम करते समय चोट लगने पर विकास नगर निवासी श्रमिक अश्वनी के हाथ में गंभीर चोट आई। इलाज के दौरान हाथ काटना पड़ा। मामला करीब बीस दिन पहले का है। अब श्रमिक की मां ने फैक्ट्री मालिक पर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि बेटे के मना करने पर भी फैक्ट्री मालिक ने न केवल उसे नाइट ड्यूटी पर रखा, बल्कि हाथ में चोट लगने पर निजी अस्पताल में छोड़कर आ गए।

विकास नगर निवासी कुसुम ने सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो बेटे हैं। छोटा भविष्य और बड़ा अश्वनी है। अश्वनी सेक्टर 25 पार्ट-2 में कृष्ण गोयल की एमएस कांटेक्ट इनफो डाई हाउस यूनिट में कपड़े धुलाई व सुखाई का काम करता था। सात जून को सुबह फैक्ट्री में ड्यूटी पर गया था। शाम को अश्वनी का फोन आया कि फैक्ट्री मालिक कृष्ण गोयल ने उसे जबरदस्ती नाइट ड्यूटी में काम पर रख लिया है। जबकि वो नाइट ड्यूटी नहीं करना चाहता था। डाई हाउस में देर रात साढ़े बारह बजे के करीब काम करते हुए ड्राई मशीन में उसका हाथ आ गया। उसे हाथ पर गंभीर चोट आई।

रोहतक पीजीआइ ले गए थे

फैक्ट्री के अन्य वर्कर उसे पार्क अस्पताल ले गए। अस्पताल में डाक्टर ने गंभीर हालात को देखते हुए रोहतक पीजीआइ या दिल्ली ले जाने की सलाह दी। इस पर साथी वर्कर भी उसे वहीं छोड़ आए। पता लगने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे और अश्वनी को रोहतक पीजीआइ में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान डाक्टरों को उसका हाथ काटना पड़ा। मां का आरोप है कि उक्त हादसा फैक्टरी में काम करते समय हुआ। इसका जिम्मेदार फैक्ट्री मालिक है। वहीं सेक्टर 29 थाना पुलिस ने कुसुम के बयान पर फैक्टरी मालिक कृष्ण गोयल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी