जींद में महिला ठग गिरोह से जरा बचके, रुपये डबल करने का झांसा दे ले उड़ीं जेवरात

जींद में महिला ठग गिरोह सक्रिय है। जींद के ग्रामीण क्षेत्रों में वारदात को अंजाम दे रही हैं। ठग गिरोह में महिलाएं रुपये डबल करने का झांसा देकर ठगी कर रही हैं। दो महिलाओं के जेवरात हड़प ले गईं ठग गिरोह की महिलाएं।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 01:39 PM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 01:39 PM (IST)
जींद में महिला ठग गिरोह से जरा बचके, रुपये डबल करने का झांसा दे ले उड़ीं जेवरात
महिला गिरोह ने जींद में ठगी की।

जींद, जागरण संवाददाता। जींद के ग्रामीण क्षेत्रों में महिला ठग गिरोह सक्रिय हो गया है। ठग गिरोह में शामिल महिलाएं पुराने कपड़ों के बदले में बर्तन बेचने के लिए गांवों में जाती हैं। जहां पर वह भोलीभाली महिलाओं को अपने झांसे में ले लेती हैं और गहनों को डबल करने का झांसा देती है। पहली बार में ठग महिलाएं एक जेवरात को ले जाती थी और एक सप्ताह के बाद जेवरात के साथ कुछ रुपये भी उनको दे देती है। जेवरात के साथ रुपये आने के बाद महिलाएं लालच में आ जाती हैं और एक साथ कई महिलाओं के जेवरात लेकर फरार हो जाती हैं।

पिछले 15 दिन में जिले में दो वारदात हो चुकी हैं। पहले जहां पर गांव मखंड में दस महिलाओं के लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गई थी। पुलिस इन ठग गिरोह का पता ही नहीं लगा पाई थी कि इसी दौरान गांव घिमाना में दो महिलाओं के जेवरात लेकर फिर से फरार हो गई। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

गांव घिमाना निवासी रानी ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 अगस्त को कुछ महिलाएं बर्तन बेचने के लिए उनके गांव में आई। जहां पर एक महिला उसके पास बैठ गई और पुराने कपड़ों के बदले में बर्तन लेने का आग्रह किया, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद आरोपित महिला ने कहा कि वह जेवरात को भी डबल कर देती है। काफी देर तक बात करने पर वह उसके झांसे में आ गई। उसने एक चांदी का जेवरात उस महिला को दे दिया। उसके बाद महिला उसको लेकर चली गई। उसके अगले ही दिन महिला फिर से उसके पास आई और उसकी चांदी का एक जेवर व कुछ नकदी दे दी।

इसके बाद उस महिला पर विश्वास हो गया। इसके बाद उसने कहा कि जो भी जेवरात उसके पास है उसे दे दे और कुछ ही दिनों में डबल कर देगी। वह लालच में आ गई और उसने दो कानों की जोड़ी के झूमके, दो जोड़ी नथली, दो गले के लोकेट, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पाजेब उसे दे दिए। इसके बाद उसकी पड़ोसन महिला सिवानी भी लालच में आ गई। इसलिए सिवानी ने एक सोने का लोकेट, दो नथली, एक जोड़ी कानों की बाली व एक जोड़ी पाजेब की दे दी।

महिला एक फोन नंबर भी उनको दे देगी। जाते समय महिला बोली वह आठ-दस दिन में आएगी और उनको मोटा इनाम देंगी। दस दिन बाद भी जब महिला नहीं आई तो उस नंबर पर संपर्क किया तो वह बंद मिला। इसके बाद डर के चलते उसने परिवार के लोगों को नहीं बताया। बाद में इसके बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

chat bot
आपका साथी