पति और पत्‍नी के बीच आया वो, फ‍िर महिला ने प्रेमी संग रची थी ये खतरनाक साजिश

कैथल में पति की हत्या करने वाली महिला को क्राइम ब्रांच ने पंचकूला से गिरफ्तार किया है। चार अप्रैल 2017 को आरोपित ने पति की हत्या की थी। महिला ने शिकायत देने वाले ससुर के खिलाफ ही पुलिस थाना में दुष्कर्म की झूठी शिकायत दे दी थी।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 08:50 PM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 08:50 PM (IST)
पति और पत्‍नी के बीच आया वो, फ‍िर महिला ने प्रेमी संग रची थी ये खतरनाक साजिश
चार अप्रैल 2017 को सुरेंद्र कुमार की मौत हो गई थी। उसके पिता को बाद में हत्या का शक हुआ।

पानीपत/ कैथल, जेएनएन। चार अप्रैल 2017 को प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली आरोपित पत्नी को चार साल बाद पंचकूला क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने उसे न्यायिक की हिरासत में भेज दिया है। सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में खुराना रोड निवासी जगदीश ने आरोप लगाया था कि आठ साल पहले उसके बेटे सुरेंद्र कुमार की शादी कुसुम रानी के साथ हुई थी। चार अप्रैल 2017 को सुरेंद्र कुमार की अचानक मौत हो गई थी। इसे लेकर किसी को कोई शक नहीं था। मृतक सुरेंद्र के पिता जगदीश को बाद में शक हुआ।

जगदीश ने बताया कि उसकी बहन जींद के गांव निरजन में रह रही थी। उसकी बहन को कैंसर था, जिसका इलाज उसने ही करवाया था। एक साल तक पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चला, जिसका पूरा खर्च उसने उठाया। आरोपित उसका भांजा संदीप कभी भी अपनी मां का हाल-चाल तक जानने नहीं आया। उसकी बहन उसकी पुत्रवधू कुसुम को यह कहकर निरजन गांव में ले गई कि कुसुम ने नर्स का कोर्स किया हुआ है, वहां उसकी पट्टी व दवाई देते हुए देखभाल ठीक से कर सकेगी। कुसुम वहां 11 दिनों तक रही। इस दौरान उसके भांजे संदीप के साथ उसकी पुत्रवधू के अवैध संबंध बन गए। इसके बाद उसके बेटे सुरेंद्र व पत्नी कुसुम के बीच विवाद बढ़ने लगा। उसने बेटे ने अपने सास-ससुर को भी इस बारे में बताया, लेकिन उन्होंने भी इस तरफ कोई सुनवाई नहीं की। यहां तक की उसके बेटे सुरेंद्र को ही जान से मारने की धमकी दी।

महिला ने ससुर पर ही करा दिया था दुष्कर्म का केस

चार अप्रैल 2017 को उसके बेटे की मौत हो गई थी। उस समय सामान्य मौत समझकर अंतिम संस्कार कर दिया। बाद में उसकी पुत्रवधू और भांजे संदीप की बातों पर शक हुआ तो पुलिस को शिकायत दी। 31 जुलाई 2017 को मृतक के पिता जगदीश ने बेटे की हत्या को लेकर एसपी को शिकायत दी। एसपी ने सिटी थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए, लेकिन मृतक की पत्नी ने अपने ससुर के खिलाफ ही महिला थाना पुलिस में शिकायत देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया।

पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो क्राइम ब्रांच से लगाई गुहार

जगदीश के मुताबिक पांच दिसंबर 2017 को पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया, लेकिन कैथल पुलिस ने इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया। इसके चलते उसने उच्चाधिकारियों से मिलकर क्राइम ब्रांच पंचकूला से मामले की जांच करवाई। क्राइम ब्रांच की टीम ने अब आरोपित महिला को गिरफ्तार किया है।

chat bot
आपका साथी