दो साल के बेटे को लेकर देवर संग महिला लापता
पानीपत में आए दिन महिलाएं एवं बच्चे लापता हो रहे हैं। पुलिस भी छानबीर में जुटी है लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
जासं, पानीपत : ट्रक ड्राइवर उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के बिदर ने पुलिस को शिकायत दी कि वह दलबीर नगर में रहता है। उसके पास छोटा भाई राहुल भी रहता है। नौ अप्रैल से भाई राहुल, उसकी पत्नी रविता और दो साल का बेटा सचिन लापता हैं। उसकी बाइक भी ले गए हैं। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
तीन और लापता
जासं, पानीपत : शहर में विभिन्न जगहों से एक युवक, किशोर व युवती लापता हो गए। गांधी मंडी के बाबूराम ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका 27 वर्षीय बेटा शशि सिक्योरिटी का काम करता था। बेटा घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकाला था। इसके बाद न तो ड्यूटी पर गया और न ही घर वापस लौटा। किशनपुरा चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, गांधी कालोनी की रजनी ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका 16 वर्षीय इकलौता बेटा लापता है। भारत नगर की अनीता ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी बेटी पूनम सेक्टर-12 में पार्लर का काम करती है। नौ अप्रैल को बेटी घर से काम के लिए गई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी।
गलत दिशा में ट्रक खड़ा किया, केस दर्ज
जासं, पानीपत : थाना सदर के सिपाही मनोज कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि वह किसान आंदोलन के तय रूट पेप्सी पुल के पास ड्यूटी पर था। बाबरपुर की तरफ से चालक ने ट्रक को गलत दिशा में खड़ा कर दिया। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। बाद में ट्रक चालक आया और अपना नाम उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के तीतरो गांव का आसिफ बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।