Haryana Weather Update: मौसम ने फ‍िर दिखाए तेवर, घना कोहरा छाया, जानिए 24 घंटे बाद कैसा रहेगा मौसम

Haryana Weather Updateमौसम ने एक बार फ‍िर से तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। 4 दिन से लगातार कोहरे ने बेहाल कर दिया है। हरियाणा के कई जिलों से रात से ही कोहरा छा गया। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में फिर छाएगी धुंध।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 13 Feb 2021 11:36 AM (IST) Updated:Sat, 13 Feb 2021 11:59 AM (IST)
Haryana Weather Update: मौसम ने फ‍िर दिखाए तेवर, घना कोहरा छाया, जानिए 24 घंटे बाद कैसा रहेगा मौसम
करनाल में मौसम में परिवर्तन, घना कोहरा छाया।

करनाल, जेएनएन। Haryana Weather Update: ठंडक फिर लौट आई है। पिछले कई दिनों से पूरा प्रदेश धुंध की चादर में लिपटा हुआ है। देर रात से ही कोहरा छा गया। शनिवार सुबह भी दृश्‍यता शून्‍य रही। हाईवे पर वाहनों को सबसे ज्‍यादा समस्‍या हुई। वहीं, तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

करनाल में शनिवार को अधिकतम तापमान गिरावट के साथ 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 फीसदी दर्ज की गई है। हवा महज 2.0 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में धुंध छा सकती है। धुंध गिरने का यह सिलसिला अभी नहीं रूकेगा। 17 फरवरी तक कोई राहत के आसार नहीं है। हालांकि दिन में निकलने वाली धूप से कुछ राहत जरूर मिल सकती है। लेकिन सुबह के समय धुंध गिरने का यही सिलसिला जारी रहेगा। पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, में न्यूनतम तापमान में हल्की कमी देखने को मिल सकती है।

धुंध ने बढ़ाई परेशानी

क्षेत्र में गिर रही लगतार धुंध ने लोगों की परेशानी को बढ़ाया हुआ है। दृश्यता शून्य होने के कारण वाहनों के पहियों की गति मंद पड़ गई है। दिनभर वाहनों को फोग लाइट जलाकर चलना पड़ा। हालांकि अच्छी बात यह है कि धुंध के कारण जीटी रोड पर हादसे का कोई समाचार नहीं है। धुंध को गहराता देख जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वह संभल कर चलें। जरूरी हो तो ही यात्रा करें। धुंध में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। कई दिन से गिर रही धुंध के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।

कुरुक्षेत्र में रात भर छाई रही धुंध, 10 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

धर्मनगरी में पिछले तीन दिनों से धुंध छाई रहने पर लोगों को सुबह और शाम धुंध झेलनी पड़ रही है। घनी धुंध के चलते धर्मनगरी में न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। हवा में नमी का स्तर भी 81 फीसद के पार चल रहा है। शाम होते ही घनी धुंध छाने लगती है। ऐसे में वाहन चालक धुंध से बचने के लिए शाम होते ही घरों का रुख करने लगते हैं। धुंध के चलते शनिवार की सुबह साढ़े 10 बजे तक भी सूर्य देवता के दर्शन नहीं हो पाए थे। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. प्रद्युम्मन भटनागर ने बताया कि अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह रहने का अनुमान जताया है। दिन में अधिकतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी