घर में घुसकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, पंचायत में मांगी माफी
यमुनानगर में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दो युवकों ने एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। गांव में पंचायत हुई तो आरोपितों ने माफी मांग ली। इसके बाद भी आरोपित गलत हरकत करने लगे। अब केस दर्ज किया गया है।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव में 25 वर्षीय महिला ने दो युवकों पर सामुहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि दोनों युवकों के दो अन्य साथियों ने उसे शिकायत देने पर धमकाया। बाद में परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दी थी। अब पुलिस ने आरोपितों पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब के गांव निवासी महिला यहां प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव में रहती है। उसका पति भी यही पर कार्य करता है। प्रतापनगर के ही इसरान व नौशाद उसके पति के जानकार है। अक्सर वह घर पर आते जाते रहते हैं। दोनों आरोपित उनके एक अन्य रिश्तेदार के भी दोस्त हैं। करीब ढाई साल पहले उसका पति शादी समारोह में गया हुआ था। इस दौरान नौशाद व इसरान उसके घर पर आए। उसे अकेला पाकर आरोपितों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
शादी से वापस आने पर महिला ने पति को इस बारे में बताया, तो मामले को लेकर पंचायत हुई। यहां दोनों आरोपितों ने अपनी गलती मानी। तब पंचायत में समझौता हो गया था। इसके बाद आरोपित फिर से उसके साथ गलत हरकत करने लगे। जिस पर महिला ने शिकायत करने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपितों के दोस्त आलिम व एक अन्य रिश्तेदार ने महिला को धमकी दी कि यदि इस बारे में कही पर शिकायत दी, तो जान से मार देंगे। आरोपितों से घबराकर वह वापस हिमाचल प्रदेश भी चली गई थी।
इधर, जमानत पर बाहर आकर युवक ने फिर की छेड़छाड़
यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपित ने उसके साथ अश्लील हरकत की और उसका अपहरण करने की कोशिश की। आरोप है कि गत वर्ष भी आरोपित ने अश्लील हरकत की थी। इस मामले में केस दर्ज हुआ था। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। जिसमें आरोपित को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल आरोपित जमानत पर बाहर आया हुआ था।