आइटीआइ छात्रों के दो गुटों में चले चाकू, घायल दो छात्रों में से एक की हालत गंभीर

करनाल में रोडवेज बस में आइटीआइ छात्रों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। हर्बल पार्क में एक गुट ने दूसरे गुट के दो छात्रों पर तेजधार हथियारों से हमला बोल दिया। घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

By Edited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 08:51 AM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 08:51 AM (IST)
आइटीआइ छात्रों के दो गुटों में चले चाकू, घायल दो छात्रों में से एक की हालत गंभीर
रोडवेज बस में आइटीआइ छात्रों के बीच हुई मामूली।

करनाल, जेएनएन। रोडवेज बस में आइटीआइ छात्रों के बीच हुई मामूली-सी कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। हर्बल पार्क में एक गुट ने दूसरे गुट के दो छात्रों पर तेजधार हथियारों से हमला बोल दिया। घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।

अस्पताल के डॉक्टरों ने एक छात्र को पीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस ने मुख्य हमलावर सहित दर्जनभर अन्य छात्रों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वीरवार की शाम आइटीआइ करनाल से दर्जनों छात्र घरौंडा के लिए बस में सवार हुए। पुलिस के अनुसार बस में किसी छात्र को दूसरे छात्र की कोहनी लग गई।

इससे बस में सवार आइटीआइ छात्रों के दो गुट आमने-सामने हो गए। जैसे ही बस घरौंडा रुकी तो बस में सवार दोनों गुट हर्बल पार्क में पहुंच गए और दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच पनौड़ी वासी अंकुश व उसके साथियों ने घरौंडा वार्ड-4 वासी कपिल व जमालपुर वासी गौरव पर चाकुओं से हमला बोल दिया। दोनों को पेट में चाकू लगे, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल छात्रों के साथियों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती करवाया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद करनाल रेफर कर दिया।

कपिल की गंभीर हालत देखते हुए उसे करनाल से पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जबकि गौरव का इलाज करनाल अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि हर्बल पार्क में आइटीआइ छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो गया था, जिसमें कपिल व गौरव को चाकू लगा है। शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपित अंकुश व उसके 10-15 साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

chat bot
आपका साथी