करनाल यमुनानगर स्टेट हाईवे दो कारों में टक्कर, डिवाइडर से टकराकर पलटी, पुलिसकर्मी की मौत
करनाल यमुनानगर स्टेट हाईवे पर एक कार ने दूसरी कार को पीछे से टक्कर मार दी। इससे आगे जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में सिपाही की मौत हो गई। पुलिस से ही सेवानिवृत्त एएसआई पिता व मां घायल हो गई।
करनाल, जेएनएन। करनाल के गांव समोरा के पास करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे पर हुए सड़क हादसा हुआ। इसमें हरियाणा पुलिस के एक सिपाही की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक अन्य कार चालक की लापरवाही से हुआ है।
जानकारी अनुसार मूल रूप से गांव घोघड़ियां के रहने वाले महावीर सिंह हरियाणा पुलिस यमुनानगर से एएसआई के तौर पर सेवानिवृत हुए थे। वे अपने परिवार के साथ कृष्णा नगर यमुनानगर में ही रह रहे थे। शुक्रवार शाम को वे अपनी पत्नी मुन्नी देवी व बेटे हरियाणा पुलिस में यमुनानगर में ही बतौर सिपाही करीब 34 वर्षीय प्रमोद के साथ इनोवा कार में सवार होकर गांव से अपने घर यमुनानगर जा रहे थे। कार प्रमोद चला रहा था।
प्रमोद को अपने माता-पिता को यमुनानगर में ही दवा दिलानी थी। वे इंद्री क्षेत्र के गांव समोरा के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आई कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। जिससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराते हुए सड़क किनारे जा पलटी। इस हादसे में तीनों घायल हो गए। आरोप है कि कार चालक कुछ दूर अपनी कार खड़ी कर उनके पास आया, लेकिन उनकी हालत देख मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सहायता से तीनों को सिविल अस्पताल करनाल लाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल प्रमोद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। जिसका शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया और स्वजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने आरोपित कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। महावीर सिंह ने बताया कि प्रमोद अपने पीछे पत्नी व दो बच्चे छोड़ गया है। पहले वह पंचकुला में तैनात रहा और करीब चार माह से उसका तबादला यमुनानगर हुआ था। फिलहाल वह आरटीए कार्यालय में तैनात था।