त्रिपुरा में पानीपत के बीएसएफ जवान भुरू सिंह शहीद, आज रात दिल्‍ली पहुंचेगा पार्थिव शरीर

त्रिपुरा में हुए उग्रवादियों के हमले में पानीपत का जवान शहीद हो गया। पानीपत के अहर गांव के रहने वाले बीएसएफ में एसआइ भुरू सिंह शहीद हो गए। उनका बेटा सुमित और पुत्रवधू भी बीएसएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर हैं।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 05:15 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 05:15 PM (IST)
त्रिपुरा में पानीपत के बीएसएफ जवान भुरू सिंह शहीद, आज रात दिल्‍ली पहुंचेगा पार्थिव शरीर
पानीपत के भुरू सिंह उग्रवादी हमले में शहीद हो गए।

थर्मल-मतलौडा (पानीपत) [सुरील मराठा]। पानीपत के अहर गांव के भुरू सिंह त्रिपुरा में पेट्रोलिंग करते हुए उग्रवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए। भुरू सिंह बीएसएफ में एसआइ के पद पर नियुक्त थे। रोजाना की तरह सब इंस्पेक्टर भुरू सिंह का दल सीमा पर बाड़ लगाने की जांच के लिए निकला था। इस दौरान उग्रवादी समूह ने हमला कर दिया।

भुरू सिंह के दो बेटे हैं। एक बेटा सुमित खैंची व पुत्रवधू प्रिंकल जम्मू में सब इंस्पेक्टर हैं। दूसरा बेटा रवींद्र टेक्निकल इंजीनियर है। शहीद भुरू सिंह की पत्नी नन्ही देवी की पांच साल पहले बीमारी के कारण मृत्यु हो चुकी है। शहीद भुरू सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार की रात दिल्ली पहुंच जाएगा। वीरवार दोपहर को पैतृक गांव अहर में ही राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जम्‍मू में तैनात बेटा सुमित और पुत्रवधू भी आ चुके हैं। देर रात दिल्‍ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे गांव आए। गांव के लोगों भुरू के घर के बाहर जुटे हुए हैं। शहीद होने की सूचना परिवार वालों को मंगलवार को ही मिल गई थी। शहादत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग उनके घर में सांत्‍वना देने पहुंचने लगे। अभी काफी संख्‍या में ग्रामीण उनके घर के बाहर मौजूद हैं।

बता दें कि त्रिपुरा में सुबह 6.30 बजे आसपास बीएसएफ के जवानों पर उग्रवादियों ने हमला कर दिया था। इसी हमले में उग्रवादियों को भी गोलियां लगी हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी