रिटायर्ड अध्यापिका को पूर्व छात्रों ने दिया धोखा, यमुनानगर में इस तरह हड़पे 4 लाख व 15 तोले सोना

हरियाणा के यमुनानगर में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रिटायर्ड अध्‍यापिका से दो पूर्व छात्रों ने धोखाधड़ी की। मामला यमुनानगर के मॉडल टाउन का है। पूर्व छात्रों ने चार लाख और 15 तोला सोना हड़प लिया है। अब जान से मारने की धमकी दे रहे।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 11:43 AM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 11:43 AM (IST)
रिटायर्ड अध्यापिका को पूर्व छात्रों ने दिया धोखा, यमुनानगर में इस तरह हड़पे 4 लाख व 15 तोले सोना
यमुनानगर में दो पूर्व छात्रों ने हड़पे 4 लाख व 15 तोले सोना।

यमुनानगर, जेएनएन। माडल टाउन में रहने वाली सेवानिवृत 73 वर्षीय अध्यापिका ऊषा कुमार से दो लोगों ने चार लाख रुपये व 15 तोले सोना हड़प लिया। सोना हड़पने वाले कोई ओर नहीं बल्कि अध्यापिका के पूर्व छात्र हैं। अध्यापिका ने अपने जीवनभर की जमा पूंजी उन्हें दे दी। जब रुपये व सोना वापस मांगा तो उनके दोनों चेले अध्यापिका को जान से मारने की धमकी देने लगे। ऊषा कुमार ने मामले की शिकायत थाना शहर यमुनानगर पुलिस को दी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ धाेखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

धीरे-धीरे लेकर हड़प लिए चार लाख रुपये

ऊषा कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरु नानक खालसा स्कूल जगाधरी में अध्यापिका थी। उसी स्कूल में ससौली माजरी निवासी दोनों भाई नितिश कुमार व अमित कुमार भी पढ़ते थे। जिन्होंने उसके पास पहली से छठी कक्षा तक पढ़ाई की। इसी स्कूल में नितिश व अमित का पिता सोमप्रकाश चपरासी था। नवंबर 2007 में वह स्कूल से अध्यापिका पद से सेवानिवृत हो गई। सेवानिवृत होने के बाद भी नितिश कुमार व अमित कुमार उसके घर पर मिलने के लिए आते रहते थे। मई 2020 में दोनों उसके पास आकर कहने लगे कि उन्हें 50000 रुपये की सख्त जरूरत है। आश्वासन दिया कि वह जल्द ही उन्हें रुपये वापस लौटा देंगे। दोनों से पुरानी जान पहचान होने के कारण उन्हें 50000 रुपये उधार दे दिए। दोनों इसी तरह मई, जून व जुलाई 2020 में भी अपनी मजबूरी दिखा कर उससे रुपये लेते रहे। दोनों ने अपनी बातों के जाल में इस कदर उलझा लिया कि उनसे चार लाख रुपये हड़प लिए।

बीमार पत्नी का बहाना बनाकर लिए गहने

कुछ समय बाद दोनों फिर से उसके पास आए। नितिश ने कहा कि उन्हें पैसे कि सख्त जरूरत है। उसकी पत्नी पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक है। अध्यापिका ने कहा कि अब उसके पास उन्हें देने के लिए रुपये नहीं है। तब उन्होंने अध्यापिका से अपने गहने देने को कहा। कुछ दिन बाद वह सारे रुपये व गहने वापस लौटा देंगे। उसने पंजाब नेशनल बैंक की माडल टाउन ब्रांच से 15 तोले सोने के गहने निकलवा कर उन्हें सौंप दिए। दोनों ने सोने के जेवरात को मणिपुरम फाइनेंस लिमिटेड कमानी चौक यमुनानगर व आइआइएफएल फाइनेंस कमानी चौक में गिरवी रख दिया। नितिश ने उसी दिन दोनों कंपनियो से कर्ज ले लिया। कुछ दिन बाद उसने अपने रुपये व सोना मांगा तो दोनों कहने लगे कि अभी कोरोना वायरस व लॉकडाउन के कारण काम नहीं चल रहा। जब हालात सामान्य हो जाएंगे तो आपके पैसे व जेवरात वापस लौटा देंगे।

लिखित में आश्वासन दिया, फिर मुकरे

जब उसने बार-बार रुपये देने का आग्रह किया तो आरोपितों ने गहने व रुपये देने से साफ मना कर दिया। यह बात उसने अपने लड़कों को बताई तो वह आरोपितों के घर पर गए। नितिश ने लिखित में आश्वासन दिया कि वह 28 फरवरी तक कंपनी से गहने छुड़ा कर उन्हें वापस कर देगा। सारे रुपये दो किस्तों में लौटा देगा। समय बीतने पर जब लड़कों ने रुपये मांगे तो वह  बहाना बनाकर बात को टालते रहे और आखिर में रुपये देने से इंकार कर दिया। साथ ही धमकी दी कि यदि दोबारा रुपये मांगे तो उन्हें झूठे मुकदमें में फंसा देंगे। साथ ही उसके परिवार को जान से मार देंगे। इसकी शिकायत उन्होंने थाने में दी।

केस दर्ज कर लिया है : सुखबीर सिंह

थाना शहर यमुनानगर के एसएचओ सुखबीर सिंह का कहना है कि ऊषा कुमार की शिकायत पर नितिश व अमित कुमार पर धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे हैं।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


यह भी पढ़ें: बेटी पूरे कर रहे टैक्सी चालक पिता के ख्‍वाब, भाई ने दिया साथ तो कामयाबी को बढ़े हाथ

यह भी पढ़ें: पानीपत में बढ़ रहा कोरोना, बच्‍चों को इस तरह बचाएं, जानिये क्‍या है शिशु रोग विशेषज्ञ की सलाह

यह भी पढ़ें: चोट से बदली पानीपत के पहलवान की जिंदगी, खेलने का तरीका बदल बना नेशनल चैंपियन

chat bot
आपका साथी