पीएम मोदी को पैरालिंपिक पदक विजेता हरविंदर ने गिफ्ट किया तीर, आज कैथल पहुंचने पर होगा जोरदार स्‍वागत

पैरालिंपिक में तीरंदाजी में कांस्‍य पदक विजेता हरविंदर सिंह शनिवार को कैथल लौटेंगे। कैथल के रहने वाले हरविंदर सिंह का जोरदार स्‍वागत किया जाएगा। दिल्‍ली पहुंचने पर पीएम नरेन्‍द्र मोदी से उनकी मुलाकात हुई। उन्‍होंंने पीएम को तीर भेंट किया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 06:10 AM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 07:21 AM (IST)
पीएम मोदी को पैरालिंपिक पदक विजेता हरविंदर ने गिफ्ट किया तीर, आज कैथल पहुंचने पर होगा जोरदार स्‍वागत
पीएम नरेन्‍द्र मोदी के साथ पैरालिंपिक खिलाड़ी।

कैथल, [सुनील जांगड़ा]। टोक्यो पैरालिंपिक में तीरंदाजी के रिकर्व इवेंट में देश को पहला पदक जीतकर देने वाले हरविंदर सिंह छह सितंबर को भारत लौट आए थे। तब से दिल्ली में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में ही व्यस्त हैं। दैनिक जागरण से बातचीत में हरविंदर सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले। खिलाडिय़ों के लिए टेबल लगी हुई थी और हर टेबल पर आठ खिलाड़ी बैठे हुए थे। प्रधानमंत्री जब उनकी टेबल पर आए तो सबसे पहले उन्होंने कांस्य पदक हाथ में लेकर फोटो खिंचवाई। उसके बाद पदक लाने की बधाई दी। हरविंदर सिंह ने अपना एक तीर प्रधानमंत्री को गिफ्ट किया।

प्रधानमंत्री ने पूछा कि आप पीएचडी की पढ़ाई और खेल दोनों एक साथ कैसे कर रहे हैं। हमारे देश के लोगों में धारणा है कि जो पढ़ाई करता है वह खेलों से दूर रहता है और जो खेलों में भाग लेता है वह पढ़ाई से दूर रहता है। हरङ्क्षवदर ने जवाब दिया कि उसके खेल में पढ़ाई का भी बराबर का योगदान है। शुरू से ही पढ़ाई में लगाव था और उसके साथ ही खेलना शुरू किया था।

कैथल से गांव तक निकाला जाएगा रोड शो

हरविंदर सिंह शनिवार को कैथल पहुंच जाएंगे। सबसे पहले ढांड रोड पर उनके स्वागत में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में डीसी प्रदीप दहिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहेंगे। प्रशासन की तरफ से हरविंदर को सम्मानित किया जाएगा। उसके बाद कैथल से गुहला होते हुए गांव अजीतनगर तक पदक जीतने की खुशी में रोड शो निकाला जाएगा।

छह महीने बाद लौटेंगे घर

हरविंदर के पिता परमजीत सिंह और छोटे भाई अर्शदीप सिंह ने बताया कि स्वागत समारोह को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। वे करीब छह महीने के बाद घर लौट रहे हैं। पहले सोनीपत में भारतीय खेल प्राधिकरण में अभ्यास कर रहे थे और वहीं से टोक्यो के लिए रवाना हो गए थे। परिवार के सदस्य बेसब्री से हरविंदर के आने का इंतजार कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी