Tokyo Olympics : हाॅकी खिलाड़ी सुरेंद्र को नए मकान का तोहफा देंगे पिता, ओलिंपिक की तरह सजाया

टोक्‍यो ओलिंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम में कुरुक्षेत्र के सुरेंद्र पालड़ हैं। कांस्य पदक के लिए वीरवार को जर्मनी से भिड़ेगी भारतीय पुरुष हाकी टीम। वहीं उनके पिता ओलिंपिक से लौटने के बाद बेटे सुरेंद्र को मकान का तोहफा देंगे।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 01:20 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 01:20 PM (IST)
Tokyo Olympics : हाॅकी खिलाड़ी सुरेंद्र को नए मकान का तोहफा देंगे पिता, ओलिंपिक की तरह सजाया
कुरुक्षेत्र में बन रहा ओलिंपियन सुरेंद्र पालड़ का घर।

कुरुक्षेत्र, [विनोद चौधरी]। टोक्यो ओलिंपिक में कुरुक्षेत्र का लाल सुरेंद्र कुमार पालड़ देश की झोली में पदक डालने के लिए पसीना बहा रहा है और यहां कुरुक्षेत्र में सुरेंद्र का परिवार उसके लिए नया मकान जल्द से जल्द तैयार करवाने के लिए पसीना बहा रहा है। देश के लिए पदक लेेकर लौटे बेटे सुरेंद्र को उसके पिता मलखान सिंह नए मकान का तोहफा देंगे। नए मकान को जल्द से जल्द तैयार करने के लिए पिछले 15 दिनों से करीब 12 कारीगर दिनरात एक किए हुए हैं।

ओलिंपियन सुरेंद्र कुमार के लिए तैयार किए जा रहे मकान में दो जगह ओलिंपिक के चिन्ह भी लगाए गए हैं। सुरेंद्र लगातार दूसरी बार ओलिंपिक में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि इससे पहले सुरेंद्र का परिवार सेक्टर आठ में ही छोटे से मकान में रह रहा है।

करीब साल भर पहले नए मकान का काम शुरू किया गया था। कुरुक्षेत्र के सेक्टर आठ में तैयार किए जा रहे इस दो मंजिला मकान में कारीगर रसोई से लेकर बाथरूम और कमरों तक को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इतना ही नहीं नए मकान पर दो जगह ओलिंपिक के चिन्ह भी लगाए गए हैं। मकान बाहर बने ग्रीन लान के साथ ही हाकी और गेंद भी दर्शाया गया है।

ओलिंपिक की तरह सजाया घर

सुरेंद्र के भाई नरेंद्र ने नए मकान पर ओलिंपिक की शुरुआत से ही दो तिरंगे झंडे भी लगा रखे हैं। बाहर से देखने पर ही साफ लगता है कि यह मकान ओलिंपियन का है। सुरेंद्र का परिवार के सदस्य नए मकान को हर हाल में सुरेंद्र के लौटने से पहले पहले पूरा करवाने के लिए कारीगरों को जरूरत का हर सामान मुहैया करवाने के लिए दौड़ धूप करने में जुटे हैं। सुरेन्द्र के परिवार को पूरी उम्मीद है कि भारतीय टीम टोक्यो ओलिंपिक से पदक लेकर ही लौटेगी।

पिता को पदक जीतने का विश्‍वास

गौरतलब है कि कुरुक्षेत्र के सुरेंद्र कुमार पालड़ लगातार दूसरी बार ओलिंपिक में भारतीय पुरुष हाकी टीम का हिस्सा हैं। ओलिंपिक में सुरेंद्र लगातार हर मैच में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। टीम की रक्षा पंक्ति में महत्वपूर्ण कड़ी सुरेंद्र ने पिछले कई मैचों में विरोधी टीम के गोल को रोक कर अपनी टीम की जीत की राह को आसान किया है। सुरेंद्र के पिता मलखान सिंह ने कहा कि भारतीय टीम इस बार जरूर पदक लेकर लौटेगी। बेटे के पदक लेकर लौटने से पहले पहले वह नए मकान को तैयार करवाने में जुटे हैं।

पदक लेकर लौटे सुरेंद्र का होगा भव्य स्वागत

कुरुक्षेत्र क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष धर्मपाल चौधरी डीपी ने कहा कि उन्हें पक्का विश्वास है कि भारतीय टीम ओलिंपिक से पदक लेकर लौटेगी। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा भारती सुरेंद्र का कुरुक्षेत्र अपने घर पहुंचने पर भव्य स्वागत करेगी। सुरेंद्र लगातार हर मैच में विरोधी टीम के सामने चट्टान बनकर डटे हुए हैं।

chat bot
आपका साथी