Kidnapping : पानीपत में फैक्‍ट्री में काम पर गई थी मां, घर से 3 बच्‍चों का अपहरण, मचा हड़कंप

पानीपत में तीन बच्‍चों का अपहरण कर लिया गया है। मां फैक्‍ट्री में काम पर गई थी। घर में एक बेटी और दो बेटे थे। तीनों का अपहरण हो गया। डेढ़ माह पहले तीनों बच्चों को लेकर गांव से पानीपत आई थी महिला।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 10:52 AM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 10:52 AM (IST)
Kidnapping : पानीपत में फैक्‍ट्री में काम पर गई थी मां, घर से 3 बच्‍चों का अपहरण, मचा हड़कंप
पानीपत में तीन बच्‍चों का अपहरण हुआ।

पानीपत, जागरण संवाददाता। पानीपत के पुराना औद्योगिक थाना एरिया के अंतर्गत आने वाली पप्पू कालोनी से तीन बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। तीनों सगे भाई-बहन हैं। इसमें आठ वर्ष की गौरी, दो साल का दक्ष व एक वर्ष का हिमांशु है। तीनों बच्चों को कमरे पर छोड़ उनकी मां उत्तर प्रदेश के एटा जिले के गांव गगनपुर की कविता फैक्ट्री में काम पर गई हुई थी। दोपहर को लौटी तो बच्चे गायब मिले। आसपास में तलाश के बाद सूचना थाना पुलिस को दी गई। मां का आरोप है कि उसके बच्चों का कोई अपहरण कर ले गया है। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। एक महिला ने उनका बच्चा मांगा था। बच्चों के लापता होने के बाद से पड़ोस में रहने वाले दो दंपती भी गायब है।

कविता ने बताया कि उसके पति सतेंद्र काम नहीं करते। अकसर नशा करके उसके साथ विवाद करते थे। इसके चलते वह करीब डेढ़ माह पहले तीनों बच्चों को लेकर अपनी बहन राखी के पास पानीपत आ गई। उसे एक जानकार ने नहर पार फैक्ट्री में काम दिला दिया। वह करीब 15 दिन पहले काबड़ी रोड पर पप्पू कालोनी में कमरा किराये पर लेकर रहने लगी। शनिवार को सुबह आठ बजे तीनों बच्चों को कमरे पर छोड़कर फैक्ट्री में गई थी। दोपहर को जब खाना खाने के लिए कमरे पर आई तो तीनों बच्चे नहीं मिले। उसने बच्चों की काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया।

बगल के कमरे में रहने वाली महिला मांग रही थी बच्चा

कविता ने बताया कि जहां वो रहती है, वहीं अगल-बगल वाले कमरों में दो दंपती रहते हैं। दोनों में से किसी के पास बच्चा नहीं है। चार दिन पहले उनमें से एक महिला उसके बेटे को देख उसे देने के लिए कह रही थी। तभी उसने इन्कार कर दिया था। कविता के मुताबिक जब से उसके तीनों बच्चे लापता हुए हैं, तभी से बगल के कमरे में रहने वाला दंपती भी गायब है। वहीं रविवार दोपहर बाद तीन बजे के बाद से दूसरी महिला व उसका पति भी कमरे पर नहीं आए हैं।

अपहरण का केस दर्ज कर तलाश में जुटे

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कमलजीत ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई है। बगल के कमरे वाली महिला द्वारा बच्चा मांगने व गायब होने की बात उनके संज्ञान में नहीं है। ऐसा है तो मकान मालिक से बात कर उनकी तलाश की जाएगी।

chat bot
आपका साथी