Yamunanagar News: गणपति मूर्ति विसर्जन के लिए नहर के घाटों पर लगी हजारों लोगों की भीड़, जयकारों से गूंजा वातावरण
यमुनागर में गणपति उत्सव के आखिरी दिन पश्चिमी यमुना नहर में गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही गणपति उत्सव का भी समापन हो गया। प्रशासन की तमाम अपीलों को दरकिनार करते हुए श्रद्धालु रंग गुलाल उड़ते हुए नहर पहुंचे।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर में गणपति उत्सव के आखिरी दिन पश्चिमी यमुना नहर में गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही गणपति उत्सव का भी समापन हो गया। प्रशासन की तमाम अपीलों को दरकिनार करते हुए श्रद्धालु रंग गुलाल उड़ते हुए जुलूस निकालते हुए नहर किनारे पहुंचे। गणपति तेरी जय-जयकार, गणपति बप्पा मोर्या, अगले बरस तुम जल्दी आना समेत कई जयकारे सुनाई दिए। जयकारों से नहर के आसपास का वातावरण भक्तिमयी हो गया। सोमवार को इस उपलक्ष्य में कई जगहों पर भंडारों का आयोजन होगा।
जगाधरी में फतेहपुर पुल के पास, आजाद नगर, हमीदा हेड, बाडी माजरा, जम्मू कालोनी के अलावा कई जगहों पर गणपति की प्रतिमाओं का आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालु वाहनों में सवार होकर नहर किनारे पहुंचे। सबसे ज्यादा भीड़ बाडी माजरा पुल पर जुटी। वाहनों पर गणपति प्रतिमा को रख कर व डीजी की धुनों पर नाचते हुए श्रद्धालु नहर पर पहुंचे। प्रतिमाओं को फूलों के हाथ पहनाए गए थे। विसर्जन से पहले लोगों ने प्रतिमाओं के कान में बोल कर उनकी मुरादें पूरी करने को कहा। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। गत वर्ष कोरोना महामारी की वजह से आयोजन नहीं हो सका था। इसलिए एक साल बाद श्रद्धालुओं काे विसर्जन का मौका मिला।
डीसी, एसपी ने किया नहर का मुआयना
गणेश चतुर्थी के अवसर पर ओपी जिंदल पार्क के नजदीक पश्चिमी यमुना नहर के घाटों व मंदिरों के किनारे बने घाटों पर गणेश मूर्ति विसर्जन के कार्यक्रम का डीसी पार्थ गुप्ता व एसपी कमलदीप गोयल ने भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने मूर्ति विसर्जन के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर तैनात किए गए सीआरपीएफ के जवानों, पुलिस विभाग के अधिकारियों व जवानों व अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पार्थ गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी यमुना नहर के किनारों व मंदिरों के घाटों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए। सीआरपीएफ, पुलिस जवानों के साथ-साथ तैराकों व गोताखोरों की ड्यूटी भी लगाई गई गई, ताकि भक्तजन आगे गहरे पानी में न जाएं। उन्होंने मौके पर उपस्थित लोगों से अपील की कि वे त्यौहार अवश्य मनाएं परंतु कोरोना महामारी से बचने के लिए सरकार द्वारा समय-समय पर जारी की गई गाइडलाइन का पालन अवश्य करें।
हवन के बाद किया मूर्ति विसर्जन
संस, बिलासपुर : श्री खेड़ा मंदिर बिलासपुर में ब्राह्मण समाज संस्था व समस्त ग्राम वासियों के सहयोग से गणेश चतुर्थी पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के द्वारा खेड़ा मंदिर में 10 दिन पूर्व भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूजा अर्चना का कार्य पंडित राजेश शर्मा ने विधि विधान से संपन्न करवाया। रविवार को समापन पर मुख्य अतिथि के रूप में युवा समाजसेवी पर पंकुश खुराना मौजूद रहे। सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर हवन किया गया। जिसमें पंकुश खुराना, विजय शांडिल्य सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने पूर्णाहुति डाली। पंकुश ने कहा कि गणेश चतुर्थी का पर्व सभी पर्व में सबसे बड़ा व लंबा होता है जो 11 दिनों तक चलता है। गणपति बप्पा मोरिया के नारे लगाते हुए श्रद्धालु गांव बहादुरपुर में यमुना नदी में भगवान गणपति की मूर्ति का विसर्जन किया। मौके पर सुमित शर्मा, रूद्र भारद्वाज, मोहित शर्मा, अरुण गुप्ता, प्रमोद वर्मा, राजेश शर्मा, सुमित भारद्वाज, भानू प्रताप, अरविंद सहगल, गौतम, अभिषेक बंसल समेत अन्य मौजूद रहे।