केबल ठीक करने के बहाने घर में घुसे चोरों ने लाखों की ज्वेलरी और नकदी चुराई
न्यू दलबीर नगर के पवन कुमार ने बताया कि वे बरसत रोड स्थित एक एक्सपोर्ट कंपनी में स्टोर कीपर हैं। बुधवार सुबह 9 बजे वे ड्यूटी और पत्नी पिकी समालखा स्थित चुलकाना धाम मंदिर चली गई।
जागरण संवाददाता, पानीपत : न्यू दलबीर नगर में केबल ठीक करने के बहाने छत से घुसे दो चोर 18 तोला सोने के जेवरात और 40 हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गए। वारदात के दौरान मकान मालिक पवन ड्यूटी पर और पत्नी पिकी चुलकाना धाम मंदिर गई हुई थी। मंदिर से घर लौटी पिकी जैसे ही अंदर घुसी तो देखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने पति को इसकी जानकारी दी। पति ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को शिकायत दी। किला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
न्यू दलबीर नगर के पवन कुमार ने बताया कि वे बरसत रोड स्थित एक एक्सपोर्ट कंपनी में स्टोर कीपर हैं। बुधवार सुबह 9 बजे वे ड्यूटी और पत्नी पिकी समालखा स्थित चुलकाना धाम मंदिर चली गई। शाम को पत्नी घर लौटी तो घर की सारी लाइटें जल रही थी। कमरे और अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। चोर अलमारी से 40 हजार रुपए, एक मंगलसूत्र, 4 जोड़ी कानों की बाली, आठ अंगूठी, चांदी की पायल, कटोरी, गिलास और चम्मच ले गए। वहीं सोने के गहने करीब 18 तोले और चांदी के लगभग आधा किलोग्राम वजनी बर्तन गायब मिले। जांच अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल की जांच पड़ताल करा ली है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जिसके घर से घुसे चोर, उसी पड़ोसी पर जताया शक
पवन ने बताया कि उसके पड़ोस में राजेंद्र का मकान व दुकान है। उनके घर से जाते ही राजेंद्र के घर से दो व्यक्ति केबल ठीक करने के बहाने छत पर पहुंचे। अनुमान है कि वे राजेंद्र के घर की छत से उनकी छत पर आ गए और घर में दाखिल हुए। राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि चोर कई घंटे बाद लौटे थे। ये सुनते ही पवन को राजेंद्र पर शक हुआ। पवन ने पूछा कि इतनी देर बाद लौटने पर भी उसने संदिग्धों से पूछताछ क्यों नहीं की, तो उसके पास इसका कोई जवाब नहीं था।