करहंस गांव में पशु चोरी कर कैंटर में ले गए चोर

शुक्रवार को रात में पशुबाड़े में दुधारू भैंस एक कटड़ा व एक बड़ी कटड़ी एक गाय को बरामदे में बांधने के बाद चारा डालकर साढ़े दस बजे के करीब आकर बच्चों के साथ सो गया था।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Mar 2021 07:35 AM (IST) Updated:Sun, 07 Mar 2021 07:35 AM (IST)
करहंस गांव में पशु चोरी कर कैंटर में ले गए चोर
करहंस गांव में पशु चोरी कर कैंटर में ले गए चोर

जागरण संवाददाता, समालखा : कस्बे में पशु चोर गिरोह सक्रिय है। पिछले कई माह में दर्जन भर से ज्यादा पशुपालक गिरोह का शिकार बन चुके हैं। गांव करहंस स्थित टाइपिस्ट सज्जन सिंह के पशुबाड़े के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोर एक दुधारू भैंस, एक कटड़ा व एक कटड़ी खोलकर ले गए। घटना शनिवार सुबह पौने पांच बजे के करीब की है। जो पड़ोसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिख रहे हैं।

करहंस निवासी सज्जन सिंह ने पुलिस शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी के साथ पानीपत कोर्ट परिसर में टाइपिस्ट का काम करता है। उसने घर के नजदीक ही पशुबाड़ा बनाया हुआ है। शुक्रवार को रात में पशुबाड़े में दुधारू भैंस, एक कटड़ा व एक बड़ी कटड़ी, एक गाय को बरामदे में बांधने के बाद चारा डालकर साढ़े दस बजे के करीब आकर बच्चों के साथ सो गया था। शनिवार सुबह पांच बजे पत्नी शकुंतला चारा डालने के लिए गई तो उसे पशुबाड़े के मुख्य गेट का ताला टूटा व गाय को छोड़कर सभी पशु गायब मिले। पुलिस को सूचना देने के बाद उन्होंने आसपास के गांव व उतर प्रदेश के यमुना से लगते गांवों में भी दिन भर पशुओं की तलाश की। लेकिन कोई सुराग नहीं चल सका।

सीसीटीवी कैमरे में दिखे चोर

सज्जन सिंह के मुताबिक पशुओं की काफी तलाश के बाद उसने गांव में लोगों के घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चैक किया तो दो लोग उसकी भैंस, कटड़े व कटड़ी को करीब पौने पांच बजे लेकर जाते दिखे। उनके पीछे एक केंटर भी जाता दिख रहा है। चोर तीन से ज्यादा की संख्या में दिख रहे हैं। जो बिना किसी डर के पशुओं को लेकर जाते दिख रहे हैं। पशुपालक के मुताबिक चोर 18 मिनट में ही पूरी घटना को अंजाम दे निकल गए। यहां के पशुपालक बन चुके हैं शिकार : कस्बे में पशु चोर गिरोह से पशुपालक खासे परेशान है। इससे पहले भी चोर गांव बुड़शाम, नारायणा, आट्टा, खलीला सहित अनेक गांव से पशु चोरी कर ले जा चुके हैं। हर मामले में पुलिस की तरफ से केस तो दर्ज किया गया, लेकिन चोर आज तक नहीं पकड़े जा सके। इससे पशुपालकों में रोष है।

फुटेज के आधार पर करेंगे पहचान

समालखा थाना प्रभारी अंकित कुमार का कहना है कि पशुपालक सज्जन सिंह के बयान पर अज्ञात पशु चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवा उससे चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी