दीपेंद्र का सांकेतिक धरना, प्रदेश सरकार को घेरा

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा शनिवार को अनाज मंडी में पहुंचे और किसानों के समर्थन में सांकेतिक धरना दिया। मंडी में धान के ढेर लगे देख कहा कि किसानों की आय दोगुना करने का दावा करने वाली सरकार फसल खरीद के लिए तारीख पर तारीख दे रही है। बाजरे की खरीद को पहले से ही इन्कार कर चुकी है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 02 Oct 2021 08:22 PM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 08:22 PM (IST)
दीपेंद्र का सांकेतिक धरना, प्रदेश सरकार को घेरा
दीपेंद्र का सांकेतिक धरना, प्रदेश सरकार को घेरा

जागरण संवाददाता, पानीपत : कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा शनिवार को अनाज मंडी में पहुंचे और किसानों के समर्थन में सांकेतिक धरना दिया। मंडी में धान के ढेर लगे देख कहा कि किसानों की आय दोगुना करने का दावा करने वाली सरकार फसल खरीद के लिए तारीख पर तारीख दे रही है। बाजरे की खरीद को पहले से ही इन्कार कर चुकी है।

अनाज मंडी में पत्रकार वार्ता में कहा कि सड़क पर किसान और मंडियों में धान पिट रहा है। सरकार ने कहा था कि 25 सितंबर से खरीद शुरू होगी। तारीख बढ़ाकर एक अक्टूबर की, अब 11 अक्टूबर कर दी है। सरकार को धान की फसल खरीद तुरंत शुरू करनी चाहिए। सरकार बताए कि 11 तारीख तक किसान कौन से स्टोर में अपनी फसल रखें, या फिर कहां लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि तीन कानूनों के माध्यम से खरीद प्रणाली को बड़े औद्योगिक घरानों के हवाले सौंपने की जो रूप रेखा सरकार लेकर आयी है, वह सही साबित हो रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा, सरकार कहती थी कि एमएसपी थी, है और रहेगी उसकी असलियत सबके सामने है। जलभराव से भी किसानों का काफी नुकसान हुआ है, सही गिरदावरी भी नहीं हुई है। किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि सरकार राजहठ कर रही है।

हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने भी कहा कि केंद्र सरकार को तीनों कानून वापस लेने चाहिए। इसके उपरांत उन्होंने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर समालखा विधायक धर्मसिंह छौक्कर, इसराना विधायक बलबीर वाल्मीकि, विधायक गीता भुक्कल, वीरेंद्र उर्फ बुल्लेशाह, डा. कर्ण सिंह कादियान, खुशीराम जागलान, सचिन कुंडू, संजय अग्रवाल, धर्मेंद्र अहलावत, पूर्व मेयर सुरेश वर्मा, सुनील वर्मा, सुरेंद्र कादियान, राजेश कौशिक, शशि लूथरा मौजूद रहे। विपक्ष आपके समक्ष के लिए मांगा समर्थन

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 10 अक्टूबर से विपक्ष आपके समक्ष करनाल से शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के हाथ उठवाकर कार्यक्रम के लिए समर्थन भी मांगा। कार्यक्रम से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है, हरियाणा अध्यक्ष कुमारी सैलजा के बयान पर बिना नाम लिए हुड्डा ने कहा कि बहुत सी साजिश हो रही हैं। प्रदेश की हर मंडी में जाएंगे

हुड्डा ने कहा कि पानीपत से शुरुआत हुई है, अब प्रदेश की हर अनाज मंडी में जाएंगे। सांकेतिक धरना देकर फसल खरीद के लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी किसानों के बीच मंडियों में पहुंचेंगे। साफ दिखी गुटबाजी

कांग्रेस की गुटबाजी शीर्ष से लेकर जिला स्तर पर साफ दिखती है। दीपेंद्र हुड्डा के कार्यक्रमों में भी उन्हीं के गुट के लोग दिखे। सुरजेवाला और सैलजा गुट के नेताओं ने किनारा किया। पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, प्रवक्ता ओमवीर पंवार सहित तमाम नेता ऐसे रहे, जिन्हें कार्यक्रम की सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि मंडी में संजय अग्रवाल जरूर दिखे, जो सैलजा गुट के माने जाते हैं।

chat bot
आपका साथी