चेन लूटने आए बदमाशों से भिड़ी शोरूम मालिक की पत्नी, घबराए बदमाश भाग निकले

इंसार बाजार स्थित रेमंड शोरूम के मालिक कृष्ण बंसल की 56 वर्षीय पत्‍‌नी से बदमाशों ने चेन छीनने का प्रयास किया लेकिन महिला बदमाशों से उलझ गई और बदमाश फरार हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 09:00 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 09:00 AM (IST)
चेन लूटने आए बदमाशों से भिड़ी शोरूम मालिक की पत्नी, घबराए बदमाश भाग निकले
चेन लूटने आए बदमाशों से भिड़ी शोरूम मालिक की पत्नी, घबराए बदमाश भाग निकले

-देवीमूर्ति कालोनी की घटना, इंसार बाजार स्थित रेमंड शोरूम के मालिक कृष्ण बंसल की 56 वर्षीय पत्नी रानी के साथ हुई वारदात, दोहतों को चाकलेट दिलाकर घर लौट रहीं थी

-तीन साल पहले भी बदमाशों ने चार तोले की सोने की चेन लूट ली थी, वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है

जागरण संवाददाता, पानीपत : बाइक सवार दो बदमाशों ने कपड़ों के शोरूम के मालिक की 56 वर्षीय पत्नी की डेढ़ लाख रुपये की कीमत की सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। महिला वहीं पर बदमाशों से भिड़ गई। बदमाश के बाल पकड़कर दबोचने का प्रयास किया। बदमाश महिला के चंगुल से छूटकर अपने साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। वारदात देवीमूर्ति कालोनी की है।

देवीमूर्ति कालोनी के कृष्ण बंसल की पालिका बाजार में कृष्णा इंपोरियम के नाम से रेमंड का शोरूम है। उनकी पत्नी रानी बंसल ने बताया कि वह पोतों और दो दोहतों को चाकलेट दिलाने के लिए नजदीक के करियाना स्टोर पर गई थी। तभी दो युवक उन्हें देखकर बाइक लेकर घर के पास खड़े हो गए। घर के पास बाइक से उतरकर एक बदमाश ने दोनों हाथों से उनकी सवा तोले की चेन झपटने का प्रयास किया। वह चौकन्नी हो गईं। बदमाश से भिड़ गई। बदमाश का मास्क उतार दिया और बाल पकड़ लिए। शोर मचा दिया। तभी बदमाश का साथी वहां आया। उसे छुड़ाकर ले गया। हालांकि उन्होंने दोबारा बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन किसी के मदद न करने के कारण दोनों बदमाश काले रंग की सप्लेंडर बाइक पर सवार होकर भाग गए। वह अपनी टूटी हुई चेन लेकर घर पहुंची।

तीन साल पहले भी बदमाश चेन झपट ले गए थे

कृष्ण बंसल ने बताया कि तीन साल पहले भी बाइक सवार बदमाश देवीमूर्ति कालोनी में पत्नी रानी की चार तोले की सोने की चेन लूटकर ले गए थे। पुलिस बदमाशों को पकड़ नहीं पाई है। इसके बाद पत्नी ने रूटीन में चेन पहनना बंद कर दिया था। बहू के घर से सावन की कौथली के लिए मेहमान आए हुए थे, इसलिए पत्नी ने सोने की चेन पहन ली। इसे बिना उतारे बाजार चली गई। पत्नी ने पहली वारदात से सबक ले रखा था। इसलिए चौकस थी और वारदात टल गई। वारदात के बाद पत्नी ने चेन उतारकर घर में रख दी है।

chat bot
आपका साथी