1509 धान की आवक से भरेगी मार्केट कमेटी की झोली

अनाज मंडी में धान के 1509 किस्म की आवक रफ्तार पकड़ रही है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 06:40 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 06:40 AM (IST)
1509 धान की आवक से भरेगी मार्केट कमेटी की झोली
1509 धान की आवक से भरेगी मार्केट कमेटी की झोली

जागरण संवाददाता, समालखा : अनाज मंडी में धान के 1509 किस्म की आवक रफ्तार पकड़ रही है। दो दिनों में करीब 16 हजार क्विंटल की आवक हुई है। पिछले सीजन में 1509 की 3.96 लाख क्विंटल आवक हुई थी। रेट कम होने के बावजूद कमेटी को धान के कुल 13.16 लाख क्विंटल आवक से 1.76 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, जिसमें 1509 का हिस्सा एक तिहाई के करीब था। रेट अच्छे होने से इस बार कुल राजस्व दो करोड़ के पार जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि अभी 1509 किस्म के भाव ढाई से तीन हजार के बीच हैं, जो पिछले साल 14 से 24 सौ रुपये प्रति क्विटल था। अभी कंबाइन से कटी फसल मंडी में आ रही है। हाथ के कटी फसल के आने से रेट में और इजाफे की उम्मीद है। मंगलवार को भी 1509 की निम्न बोली 2471 और उच्च 2951 रुपये प्रति क्विंटल रही। मोटे धान की घट रही खेती

मोटे धान पीआर की खरीद एक अक्टूबर से शुरू होगी। पिछले साल केवल 69,455 क्विंटल की आवक रही थी। सरकारी खरीद होने के बावजूद इस बार भी इसके कम रहने की उम्मीद है। महीन धान 1121 और बासमती ही मार्केट कमेटी की सेहत सुधार सकते हैं। पिछले साल भी इन दोनों की आवक तीन तिहाई के करीब 8,61,369 क्विटल थी। धान का रकबा यथावत

पिछले साल खंड में करीब 36 हजार एकड़ में धान की फसल थी। इस बार इसके रकबे में मामूली वृद्धि की संभावना है। फसल की गिरदावरी सितंबर के पहले सप्ताह में पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक रकबे का जोड़ नहीं किया गया है। गन्ने का रकबा घटने और धान के बढ़ने से आवक में पिछले साल से वृद्धि होने की उम्मीद है। सचिव कृष्ण कुंडू ने बताया कि मिलर द्वारा 1509 की खरीद की जा रही है। एक अक्टूबर से पीआर की सरकारी खरीद शुरू होगी। अच्छे भाव से किसान खुश हैं। कमेटी को भी इसका फायदा मिलेगा। मंडी में बिजली, सफाई और पीने के पानी की पूरी व्यवस्था है।

chat bot
आपका साथी