कुरुक्षेत्र की यह ग्राम पंचायत बनी मिसाल, भूमिगत जल स्तर को उठाने के लिए कर रही यह काम

कुरुक्षेत्र की ठसका मीरांजी ग्राम पंचायत ने जल संरक्षण का बीड़ा उठाया है। बारिश के पानी से भू जल स्तर को उठाने की तैयारी है। दो सौ फीट गहरा बोरवेल तैयार किया जा रहा है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला खुद इसका जायजा लेने आएंगे।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 04:33 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 04:33 PM (IST)
कुरुक्षेत्र की यह ग्राम पंचायत बनी मिसाल, भूमिगत जल स्तर को उठाने के लिए कर रही यह काम
कुरुक्षेत्र के ठसका मीरांजी गांव में वर्षा जल संचयन के लिए चल रहा कार्य।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। ठसका मीरां जी गांव की ग्राम पंचायत ने गांव के बरसाती पानी को रिचार्ज कर भूमिगत जल स्तर को ऊपर उठाने के प्रण को पूरा करने का बीड़ा संभाल लिया है। ग्राम पंचायत जल संरक्षण की दिशा में दूसरे गांवों के लिए नजीर बनने जा रही है। इसके लिए गांव के पास दो सौ फीट गहरा बोरवेल तैयार किया जा रहा है। इस पर दिन रात काम चल रहा है। यह काम प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के दिशा निर्देशन में किया जा रहा है।

इस गांव में हर साल बरसाती पानी गांव के लिए कहर बनकर आता रहा है। जिससे गांव के तालाब और आसपास के गहरे गड्ढे पानी से लबालब हो जाते हैं। ऐसा पानी बड़ी मात्रा में व्यर्थ जाता था। ग्राम पंचायत ने कई साल पहले प्रण लिया था कि ऐसे पानी का संचय कर भूमिगत जल स्तर को ऊंचा उठाने के काम में लाया जाएगा। इसके लिए गांव के बाहर पार्क और जल संचय प्रोजेक्ट के लिए भूमि का चयन किया गया। यह मामला डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के समक्ष रखा गया। उन्होंने पार्क के लिए तुरंत ग्रांट जारी कर दी। पार्क का काम पूरा होने को है।

डिप्टी सीएम दुष्यंत खुद लेंगे जायजा

इसके साथ ही डिप्टी सीएम ने पंचायत से कहा है कि वाटर रिचार्ज का वह खुद जायजा लेंगे। इस पर पंचायत ने अब काम शुरू कर दिया है। इस पर दिन रात काम जारी है। ग्राम पंचायत का कहना है कि इसी बरसात के मौसम में वाटर रिचार्ज आरंभ कर दिया जाएगा। गांव के अधिकांश व्यर्थ जल को भूमि में ले जाने के प्रोजेक्ट पर भी मंथन चल रहा है।

वाटर रिचार्ज से सुधरेगा भूमि का स्वास्थ्य : गुराया

गांव के सरपंच दिलबाग सिंह गुराया ने बताया कि दो सौ फुट गहरा बोर किया जाएगा। जिसे कंकड़, रेत पत्थर से भरा जाएगा। इसमें जमा होने वाला पानी रिस कर जमीन में चला जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव के बाहर पार्क के साथ यह प्रोजेक्ट सिरे लगाया जा रहा है। गांव का अधिकांश पानी भूमि का स्वास्थ्य सुधारेगा। उन्होंने गांव की ओर से डिप्टी सीएम का आभार जताया। बता दें कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाल ने शपथ लेने के बाद इसी गांव का दौरा किया था।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी