बसताड़ा टोल प्‍लाजा पर तनाव, विरोध के बावजूद लंगर शुरू करने पर अड़े आंदोलनकारी किसान

करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा में तनाव का माहौल है। बुधवार को आंदोलनकारी किसान का धरना खत्‍म करवा दिया गया था। अब वीरवार को फ‍िर से किसान लंगर लगाने के लिए अड़े हैं। प्रशासन किसानों को मना रहा है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 05:40 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 05:40 PM (IST)
बसताड़ा टोल प्‍लाजा पर तनाव, विरोध के बावजूद लंगर शुरू करने पर अड़े आंदोलनकारी किसान
घरौंडा के बसताड़ा स्थित टोल प्लाजा पर तनावपूर्ण माहौल।

पानीपत/करनाल, जेएनएन। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर घरौंडा के बसताड़ा स्थित टोल प्लाजा पर किसान फिर से लंगर लगाने की जिद पर अड़ गए हैं, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनने लगी है। हालांकि किसानों को समझाने के लिए पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन किसान लंगर शुरू करने पर अड़े हुए हैं।

किसानों ने धरना भी शुरू कर दिया है, जिसके चलते स्थिति गंभीर होने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। बता दें कि बुधवार को जिला उपायुक्त निशांत यादव व पुलिस अधीक्षक गंगा राम पूनिया ने टोल प्लाजा पर पहुंच लंगर सेवा को बंद करवाया था। यहां से टेंट भी हटा दिए थे तो सामान भी उठाकर किसान ले गए थे। इसके बाद रात भर भारी पुलिस बल यहां तैनात रहा जबकि वीरवार को भी सुबह डीसी व एसपी ने टोल प्लाजा का दौरा किया था। 

इस दौरान भी वहां किसान नहीं पहुंचे थे और वाहनों की आवाजाही सामान्य रुप से जारी थी। आशंका जताई जाने लगी थी कि रात तक यहां से टोल टेक्स भी वाहन चालकों से वसूल किया जाना शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन स्थिति उस समय तनावपूर्ण दिखाई देने लगी जब दर्जनों किसान यहां पहुंच गए और किसानों की संख्या लगातार बढ़ने लगी। फिलहाल करीब 300 किसान मौके पर जुटे हुए हैं, जिन्होंने धरना भी शुरू कर दिया है। फिलहाल प्रशासन उन्हें समझाने के प्रयासों में जुटा है। किसानों का कहना है कि प्रशासन उन्हें यहां से गुजरने वाले किसानों के लिए लंगर सेवा करने से न रोकें। वे प्रशासन के दबाव में नहीं आएंगे।

chat bot
आपका साथी