यमुनानगर में खाकी पर दाग, महिला ने एएसआइ पर लगाए संगीन आरोप, थाने में हंगामा

हरियाणा के यमुनानगर के जगाधरी थाने में महिला ने हंगामा किया। महिला का पति के तलाक का केस चल रहा है। आरोप है कि एएसआइ ने चालान पेश करने के लिए तीन हजार रुपये मांगे। थाने में अलग कमरे में बुलाया और कहा कि रोज फोन पर बात करनी होगी।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 08:20 PM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 08:20 PM (IST)
यमुनानगर में खाकी पर दाग, महिला ने एएसआइ पर लगाए संगीन आरोप, थाने में हंगामा
तलाक के केस में चालान के बारे में बात करने के लिए महिला को शहर जगाधरी थाने में बुलाया था।

पानीपत/ यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में खाकी पर कीचड़ उछला है। तलाक के केस में चालान के बारे में बात करने के लिए महिला को एएसआइ गुरदेव ने शहर जगाधरी थाने में बुलाया। इस पर हंगामा हो गया। महिला का आरोप है कि एएसआइ ने उसे अलग कमरे में बुलाकर कहा कि वह उसके साथ रोजाना फोन पर बात करे। महिला ने इस संबंध में कार्रवाई की मांग को लेकर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र को शिकायत दी। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि अभी इस मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसका पति के साथ तलाक का केस चल रहा है। इसका चालान जगाधरी शहर थाने में पेडिंग है। यह चालान जांच अधिकारी एएसआइ गुरदेव सिंह के पास है। इसके बारे में बात करने के लिए एएसआइ गुरदेव ने फोन कर उन्हें थाने में बुलाया। यहां पर वह अपने साथ मकान मालिक को भी लेकर गई। आरोप है कि एएसआइ ने मकान मालिक को बाहर बुलाया और चालान पेश करने के लिए तीन हजार रुपये मांगे। इस पर कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं है। इस पर एएसआइ ने थाने में अलग कमरे में उसे बुलाया और कहा कि वह बिना पैसा लिए चालान पेश कर देगा। इसके बदले में उससे फोन पर बात करनी होगी।

एएसआइ बोला- मेरे बच्चों की उम्र की है महिला

एएसआइ गुरदेव सिंह का कहना है कि यह गलत निराधार है। महिला उनके बच्चों की उम्र है। वह उसे बेटी कहकर बात कर रहा था। उसका एक केस चल रहा है। इस संबंध में अधिवक्ता का उनके पास कॉल आई और चालान पेश करने के लिए कहा था। उनसे पहले इस केस को दूसरा आइओ देख रहा था। जिसमें गिरफ्तारी भी हुई थी। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात अधिवक्ता ने कही थी, क्योंकि समझौते के तहत महिला को करीब चार लाख रुपये दिए जा चुके थे और उसे करीब डेढ़ लाख रुपये और मिलने हैं। इस बारे में ही महिला को कहा था कि यदि समझौता हो गया है, तो वह उन्हें फोन पर इस बारे में बता दे। अब इसी बात को लेकर वह गलत आरोप लगा रही है।

chat bot
आपका साथी