अंबाला में महिला लगा रही थी घर का दरवाजा, बाइक पर दो युवक झपटा मारकर चेन ले गए
अंबाला के दर्जिया चौक की घटना। महिला मार्केट से सामान लेने गई थी। पति वाहन अंदर कर रहा था। महिला गेट लगाने गई। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए। चेन झपट ली। लोगों ने पीछा भी किया। मगर आरोपित हाथ नहीं लगे।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। अंबाला में महिलाओं के साथ स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शायद ही कोई दिन ऐसा हो जिस दिन स्नेचिंग की घटना सामने न आई हो। वहीं ऐसी ही घटना शनिवार देर रात शहर के दर्जिया चौक के पास रहने वाली अनीता के साथ हो गई।
बाइक सवार दो युवक झपटा मारकर महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गये। शोर की आवाज सुनकर जब तक परिवार के लोग बाहर आए तब तक बाइकर्स काफी दूर निकल चुके थे। हालांकि परिवार व इकट्ठा हुए आस पड़ोस के लोगों ने कुछ दूरी तक युवकों का पीछा भी किया। मगर बाइकर्स हाथ नहीं आए। बाद में शहर कोतवाली थाना पुलिस को महिला ने शिकायत दी। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
घर का दरवाजा लगाते समय हुई स्नेचिंग
पीड़ित अनीता के मुताबिक रात को वह पति नीरज गुप्ता के साथ एक्टिवा पर सन्नी स्वीट्स पर कुछ सामान लेने के लिए गए थे। कुछ देर बाद दोनों घर लौट आए। पति नीरज स्कूटी लेकर अंदर चले गए और वह घर का दरवाजा लगाने के लिए गई। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए और झपटा मारकर गले में पहनी सोने की चेन छीनकर फरार हो गये। इसके बाद महिला ने शोर मचाया तो पति व अन्य लोग बाहर आए और सारी बात बताई।
शुक्रवार को कुरुक्षेत्र की महिला से हुई स्नेचिंग
बता दें छावनी के पड़ाव थाना एरिया में शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में रहने वाली महिला सुनीता से छीना झपटी हो गई थी। महिला कुरुक्षेत्र से अंबाला छावनी अपनी बुआ की बेटी मनीषा से मिलने के लिए आई थी। दो बाइक पर छह युवकों ने महिला से छीना झपटी कर उससे मोबाइल व 1500 रुपये छीनकर फरार हो गये। महिला से यह स्नेचिंग बस स्टैंड से 50 मीटर दूर सर्विस रोड पर हुई थी।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें