रिश्ते शर्मसार, यमुनानगर में बड़ा भाई दोस्त के साथ मिलकर नाबालिग बहन को बनाता रहा हवस का शिकार

यमुनानगर में शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। 12 साल की बहन से भाई और उसका दोस्त कई दिनों से दुष्कर्म कर रहे थे। आरोपित भाई नशे का आदी है। आरोपितों ने मां को भी धमकी दी। महिला ने एसपी से शिकायत की। उसके बाद केस दर्ज हुआ।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 09:52 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 09:52 AM (IST)
रिश्ते शर्मसार, यमुनानगर में बड़ा भाई दोस्त के साथ मिलकर नाबालिग बहन को बनाता रहा हवस का शिकार
आरोपित भाई शादीशुदा है। परिवार के साथ अकसर मारपीट करता था।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। थाना बूड़िया क्षेत्र की एक कालोनी में भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म कर रिश्तों को तार-तार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपित पहले भी कई बार उसके साथ दुष्कर्म कर चुके हैं। विरोध करने पर दोनों ने पीड़िता व उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। मां ने हिम्मत करके एसपी को शिकायत दी। एसपी ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों पर केस दर्ज किया गया।

एसपी को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पांच बच्चे हैं। इनमें से दो बेटे व एक बेटी शादीशुदा है। छोटे बेटे की उम्र 21 वर्ष है, जबकि सबसे छोटी बेटी 12 साल की है। बेटी अभी पांचवीं कक्षा में पढ़ रही है। उसका दूसरे नंबर का बेटा नशे का आदी है। इसलिए वह अकसर उनके साथ मारपीट करता रहता है। शाम के समय उसका पति अपने काम पर गया हुआ था। जबकि, वह घर की छत पर थी। सबसे छोटी बेटी कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रही थी। महिला का आरोप है कि तभी उसका बेटा अपने दोस्त लीला के साथ घर में घुस आया। दोनों ने आते ही उसकी बेटी से मारपीट की व कपड़े भी फाड़ दिए। इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसकी बेटी ने शोर मचाया तो दोनों आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

कई महीनों से दुष्कर्म कर रहे थे दोनों आरोपित

महिला ने बताया कि बेटी की आवाज सुनकर वह छत से नीचे आई। बेटे और उसके दोस्त ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। जाते समय उसे धमकी देकर गए कि यदि यह बात उसने किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देंगे। बेटी ने उसे बताया कि दोनों उसे कई माह से परेशान कर रहे थे। इससे पहले भी दोनों ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। धमकी दी जाने के कारण उसने यह बात किसी को नहीं बताई। इसकी शिकायत उसने एसपी को दी।

दोनों आरोपितों की तलाश कर रही महिला थाना पुलिस

एसपी ने महिला थाना पुलिस को दोनों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मेवा देवी का कहना है कि शिकायत के आधार पर पीड़िता के भाई व उसके दोस्त पर केस दर्ज कर लिया है। दोनों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी