पानीपत में सेवा भारती को सलाम, मरीजों के साथ तीमारदारों को भी इस तरह संभाला

हरियाणा के पानीपत में कोरोना से जंग में सेवा भारती ने कमर कस ली है। दिल्ली और बाहर से आए तीमारदारों को खाना भी पहुंचा रहे। एनसी कालेज और आर्य गर्ल्स स्कूल में ठहराया। हर रोज घर से खाना पहुंचा रहे। रात का और सुबह नाश्‍ते का अलग से प्रबंध।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 02:10 PM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 02:10 PM (IST)
पानीपत में सेवा भारती को सलाम, मरीजों के साथ तीमारदारों को भी इस तरह संभाला
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती के सदस्‍य।

पानीपत, जेएनएन। कोरोना संक्रमित चाहे दिल्ली और अन्य राज्यों के, पानीपत के सरकारी और निजी अस्पतालों ने उनके लिए दरवाजे बंद नहीं किए। इन मरीजों के साथ स्वजन भी आए। कुछ अस्पतालों में तीमारदारों को फर्श पर सोते, पार्क में लेटे देखा तो राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती के सदस्य इनके रहने और खाने का प्रबंध करने के लिए आगे आए हैं। सेवा भारती ने जीटी रोड पर आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल के कमरों में बेड लगवाए हैं। खाना भी पहुंचा रहे हैं। इसी तरह एनसी मेडिकल कॉलेज के साथ ही कॉलेज परिसर की जगह पर 112 बेड की व्यवस्था की है।

सेवा भारती के सदस्यों ने तीमारदारों को अपने घर का ही सदस्य मानते हुए, उसी तरह खाना पहुंचाने का प्रयास किया है, जैसा वो अपने घर पर खाते हैं। संगठन के जिला उपाध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि तीमारदार आमतौर पर रात को ही सोने के लिए आते हैं। दिन में मरीज के साथ या अस्पताल के आसपास रहते हैं। सेवा भारती के सदस्यों के घर पर ही खाना बनाया जा रहा है। अलग-अलग घरों से खाने की थाली लेकर एनसी मेडिकल कॉलेज और आर्य गर्ल्स स्कूल में पहुंचाई जा रही है। अपनी रसोई में जो खाना बनता है, वही परोस रहे हैं। इसके अलावा रात के खाने और सुबह के नाश्ते के लिए अलग से इंतजाम है। इसके लिए होटल से व्यवस्था की जाती है।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

एनसी कॉलेज में 45 तीमारदार

एनसी कालेज के परिसर में इस समय 45 तीमारदार रह रहे हैं। एनसी मेडिकल कालेज में इस समय मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। इनके तीमारदारों को शहर में आना पड़ रहा था। मेडिकल कालेज के साथ ही एनसी इंजीनियरिंग कालेज का परिसर भी है। इसी परिसर में तीमारदारों के रहने की व्यवस्था सेवा भारती ने कराई। यहां पर खाना पहुंचाते हैं। इसी के साथ अब पानीपत शहर में आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल की कक्षाओं में बेड लगाए गए हैं।

अस्पतालों में संदेश पहुंचा

सेवा भारती संस्था के नगर सचिव सुरेश गांधी ने बताया कि जिले के अस्पतालों में संदेश पहुंचाया गया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद या अन्य शहरों से मरीजों के साथ आए तीमारदारों को बताया जा रहा है कि उनके रहने की व्यवस्था शहर में की गई है। वे चाहें तो वहां पर रह सकते है। खाने, स्नान आदि का प्रबंध वहीं किया गया है।

डीसी से मिले थे

स्वदेशी आत्मनिर्भर भारत संस्था के प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास जैन ने बताया कि वह इस संबंध में डीसी धर्मेंद्र सिंह से मिले थे। सेवा भारती की ओर से किए जा रहे कार्यों से उन्हें अवगत कराया। डीसी ने कहा कि प्रशासन की ओर से जो भी मदद चाहिए होगी, दी जाएगी। मरीजों के साथ उनके तीमारदारों का ध्यान रखना भी जरूरी है।

chat bot
आपका साथी