अब कुरुक्षेत्र में रोडवेज के ड्राइवर आग बुझाने में करेंगे मदद, जानें क्या है वजह

कुरुक्षेत्र में अब रोडवेज ड्राइवर आग बुझाएंगे। 10 चालकों की ड्यूटी अग्निशमन केंद्र में लगाई गई है। फायर ब्रिगेड में कर्मचारियों की कमी है। तीन के बजाय दो शिफ्टों में कर्मचारी काम कर रहे हैं। डीसी ने इसे देखते हुए ये आदेश जारी किए हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 09:22 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 09:22 PM (IST)
अब कुरुक्षेत्र में रोडवेज के ड्राइवर आग बुझाने में करेंगे मदद, जानें क्या है वजह
इस फैसले से तीन की बजाय दो शिफ्टों में ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों को राहत मिलेगी।

कुरुक्षेत्र, जेएनएन। गेहूं कटाई के सीजन में आग लगने की घटनाएं बढ़ने पर कर्मचारियों पर बढ़े बोझ को देखते हुए हरियाणा रोडवेज के कुरुक्षेत्र डिपो से 10 चालकों की ड्यूटी अग्निशमन केंद्र में लगाई गई है। अग्निशमन केंद्र को 10 चालक मिलने पर दिन रात ड्यूटी दे रहे केंद्र के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। इन कर्मचारियों को पिछले करीब एक माह से तीन की बजाय दो शिफ्टों में ड्यूटी देनी पड़ रही थी। इतना ही नहीं कर्मचारियों के टोटे के चलते पैदा हुए हालातों को देखते हुए इन कर्मचारियों की छुट्टियां तक रद कर दी गई थी।

गौरतलब है कि पिछले करीब 20 दिनों से खेतों में आग पूरा तांडव दिखा रही है। जिला भर से एक-एक दिन में छह से 12 जगहों पर आग लगने की सूचनाएं मिल रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मी दौड़ लगा रहे हैं। ऐसे हालातों को देखते हुए सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात रखने के बावजूद कई बार हालात बेकाबू हो रहे हैं। इन्हीं हालातों में अग्निशमन केंद्र की ओर से कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही थी।

270 कर्मचारियों की जगह 80

जिला भर में चार अग्निशमन केंद्रों में तैनात 18 गाड़ियों 270 कर्मचारियों की जरूरत है। कर्मचारियों की कमी के चलते विभाग को 80 कर्मचारियों से ही काम चलाना पड़ रहा है। ऐसे में तीन शिफ्टों की जगह कर्मचारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में ही लगाई गई है। आठ घंटे की बजाय कर्मचारी 12-12 घंटे ड्यूटी दे रहे हैं।

एक गाड़ी पर चालक सहित पांच का स्टाफ जरूरी

नियमानुसार फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी पर चालक सहित पांच कर्मचारियों का स्टाफ होना चाहिए। फायर कर्मियों की 24 घंटों की ड्यूटी होने पर दिन भर में तीन शिफ्टों के लिए 15 कर्मचारियों की जरूरत होती है।

डीसी ने जारी किए आदेश

दैनिक जागरण ने 14 अप्रैल के अंक में कर्मचारियों की इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। समस्या के संज्ञान में आने पर डीसी शरणदीप कौर ने कुरुक्षेत्र डिपो से 10 चालकों की ड्यूटी अग्निशमन केंद्र में लगाने के आदेश जारी किए हैं। इसके बाद रोडवेज की ओर से नौ मई तक के लिए 10 चालकों को अग्निशमन केंद्र में भेज दिया गया है।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

यह भी पढ़ें:  कोरोना महामारी के बीच आई नई मुसीबत, ऑक्सीजन भी होने लगी चोरी, पानीपत रिफाइनरी का टैंकर ले उड़े चोर

यह भी पढ़ें: 'सॉरी' लिखकर चोर ने लौटाई कोरोना वैक्सीन, हरियाणा में सामने आया चौकाने वाला मामला

chat bot
आपका साथी