बारिश से चैन की सांस, हरियाणा के कई शहरों में प्रदूषण स्‍तर सुधरा, AQI 50 से नीचे

बारिश की वजह से कैथल में प्रदूषण से राहत मिली है। वर्तमान में एयर क्‍वालिटी इंडेक्‍स 43 तक पहुंच गई है। पहले एक्‍यूआइ 280 तक पहुंच गया था। दो दिन से हो रही हल्की बूंदाबांदी की वजह से किसानों को मुश्किल जरूर हुई।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 05:46 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 05:46 PM (IST)
बारिश से चैन की सांस, हरियाणा के कई शहरों में प्रदूषण स्‍तर सुधरा, AQI 50 से नीचे
वातावरण में फैले प्रदूषण के कणों को साफ कर देती है बरसात।

कैथल, जागरण संवाददाता। दो दिन से हो रही हल्की बूंदाबांदी ने जहां किसानों के लिए समस्या खड़ी कर दी है वहीं शहर के लोगों को राहत देने का भी काम किया है। रविवार को दोपहर के समय एयर क्वालिटी इंडेक्स यानि वायु में प्रदूषण का स्तर 280 तक पहुंच गया था। सोमवार को हल्की बरसात के कारण इंडेक्स का स्तर मात्र 43 पर रह गया है। अगर इंडेक्स का स्तर 50 से नीचे हो तो लोगों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का कोई बुरा असर नहीं पड़ता है। करीब 15 दिनों से इंडेक्स बढ़ रहा था। इसके बढ़ने का कारण था किसानों की तरफ से धान के अवशेषों में लगाई जा रही आग और वातावरण में धूल के कणों का जमा होना।

हल्की बरसात से वातावरण में जमा धूल के कण नष्ट हो जाते हैं, जिससे मौसम साफ हो जाता है। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से शाम होते ही आंखों में जलन शुरू हो जाती थी। अब लोगों को इससे राहत मिलेगी। बता दें कि धान का सीजन शुरू होते ही किसान धान के अवशेषों में आग लगाना शुरू कर देते हैं। हालांकि कृषि विभाग की तरफ से लगातार किसानों को जुर्माना लगाया गया जा रहा है, लेकिन उसके बाद भी आगजनी के मामले सामने आ रहे हैं।


करनाल का एयर क्वालिटी इंडक्स सुधरकर 32 तक आया

मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। दो दिन से हाे रही बूंदाबांदी के कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9.0 डिग्री कम है। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। क्षेत्र में 1.3 एमएम बरसात दर्ज की गई है। हवा 0.9 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। अब रात के तापमान में भी गिरावट संभव है।

बरसात से सांस मिली चैन की सांस

जिले में पर्यावरण प्रदूषण का स्तर इतना खराब हो गया था कि एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार हो गया था। जहरीली हुई आबोहवा में सांस लेना भी दुभर हो गया था। दो दिन से रूक-रूककर हुई बूंदाबंदी संजीवनी बनकर बरसी है। सोमवार को पर्यावरण की आबोहवा में सुधार आया है। करनाल का एयर क्वालिटी इंडेक्स सुधकर 32 तक आ गया है। बरसात से लोगों को चैन की सांस मिली है।

अब साफ रहेगा मौसम, रात का तापमान गिरेगा

मौसम विभाग के मुताबिक अक्टूबर में अब तक 53.4 एमएम बरसात हो चुकी है। लेकिन अब आगे का मौसम साफ रहेगा। इससे रात के तापमान में गिरावट आएगी। अक्टूबर माह के अंत तक न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास जा सकता है।

chat bot
आपका साथी