पानीपत नगर निगम में अव्‍यवस्‍था हावी, पहले बिजली गुल, फिर सिस्टम ठप

इन दिनों पानीपत नगर निगम में अव्‍यवस्‍था हावी है। यहां पर बिजली सप्‍लाई बाधित रहने से काम ठप हैं। कर्मचारी भी सीट छोड़ कर चले गए खाली कंप्यूटरों को ताकते रह गए लोग। दिनभर नहीं बना काम तो मायूस होकर वापस लौटे।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 05:16 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 05:16 PM (IST)
पानीपत नगर निगम में अव्‍यवस्‍था हावी, पहले बिजली गुल, फिर सिस्टम ठप
पानीपत के नगर निगम में व्यवस्था बदहाल।

पानीपत, [विनोद जोशी]। नगर निगम के कार्यालय में आमजन की कोई सुनवाई नहीं। लोग सुबह से ही काम करवाने के लिए निगम के आफिस में पहुंच जाते हैं, लेकिन यह भरोसा नहीं होता कि काम हो पाएगा या नहीं। निगम में पहले तो बिजली ने खूब परेशान किया। वीरवार को काफी देर बाद बिजली आई तो फिर इंटरनेट बंद हो गया। जब इंटरनेट चला तो फिर साइट नहीं चल सकी। इससे लोगों के हाउस टैक्स व प्रापर्टी आइडी संबंधित कामकाज ठप रहे। दिनभर लोग इंतजार करते रहे और फिर मायूस होकर वापस लौट गए।

वीरवार को जब इंटरनेट व साइट नहीं चली तो लोगों को समस्या के बारे में बताना भी जरूरी नहीं समझा। कर्मचारी अपनी सीट को छोड़ कर चले गए। फिर लाइन में लगे लोग खाली कंप्यूटरों को ताकते रह गए। ऐसे में जब निगम के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई परेशानी नहीं है। सभी काम ठीक से चल रहे है।

दो दिन से काट रहा हूं चक्कर, नहीं हुआ काम

जाटल रोड के रहने वाले सचिन ने बताया कि दो दिन से नगर निगम के चक्कर काट रहा हूं, लेकिन काम नहीं हो सका। प्रापर्टी टैक्स की डिटेल निकलवानी थी। लेकिन बुधवार को तो लाइट नहीं थी। वीरवार को आए तो अब साइट नहीं चल रही। इससे काम नहीं हो सका। काम धंधे छोड़कर यहां आते हैं। फिर भी काम नहीं हो पा रहे।

डेढ़ घंटे से लाइन में, नहीं बना काम 

गुलशन कुमार ने कहा कि सुबह 10 बजे ही नगर निगम के आफिस में हाउस टैक्स की रसीद निकलवाने के लिए आए थे। लेकिन कर्मचारी भी सही से जानकारी नहीं दे रहे कि कब तक इंटरनेट चलेगा। इससे भयंकर गर्मी में काफी परेशानी हो रही है।

प्रापर्टी आइडी ठीक करवाने आया था

सेक्टर 36 के रहने वाले कुलवंत सिंह ने बताया कि प्रापर्टी आइडी को ठीक करवाने के लिए आए थे। लेकिन यहां आने के बाद पता चला कि साइट नहीं चल रही और कर्मचारी भी कोई जानकारी ठीक से नहीं दे रहे। काफी कर्मचारी तो सीट से उठ चुके है। काम कैसे होंगे पता नहीं।

सर्टिफिकेट लेने के लिए लग रही भीड़

लाकडाउन में हल्की छूट मिलने के बाद अब नगर निगम में जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट लेने के लिए भीड़ लगनी शुरू हो गई है। लोगों ने मई माह तक 3200 से ज्यादा आनलाइन ही आवेदन किए थे। अब आफलाइन भी लोग फाइलें लेकर नगर निगम पहुंच रहे हैं। इससे नगर निगम के लिए भी सर्टिफिकेट जारी करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। लोगों को भी देरी से काम होने पर काफी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान लोगों को भयंकर गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है।

व्यवस्था ठीक चल रही 

नगर निगम के डीएमसी जितेंद्र कुमार ने दावा किया कि नगर निगम की व्यवस्था ठीक चल रही है। बिजली में दिक्कत हुई थी। जिसे ठीक कर लिया गया है। कर्मचारियों के जिम्मे पांच-पांच वार्ड आते है। कई बार फील्ड में जाना पड़ता है। फिर भी किसी कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी