Fog Alert: कोहरे के कोहराम रोकने को खाकी का पहरा, वाहन चालक भी बरतें सावधानी

हरियाणा में नेशनल और स्‍टेट हाईवे में कोहरे के दौरान हादसे को रोकने के लिए खाकी का पहरा रहेगा। रात भर सड़कों पर पुलिस गश्‍त करेगी। अगर कोई वाहन खराब दिखता है या धुंध ज्‍यादा होगी तो वाहन चालकों की मदद करेंगे।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 01:38 PM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 01:38 PM (IST)
Fog Alert: कोहरे के कोहराम रोकने को खाकी का पहरा, वाहन चालक भी बरतें सावधानी
कोहरे की वजह से हादसे रोकने के लिए पुलिसकर्मी गश्‍त करेंगे।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। सर्दियों के दिनों में कोहरा लोगों के लिए जानलेवा साबित होता है। कोहरे में सामने कुछ दिखाई नहीं देता। ऐसे में रात को सड़कों पर खराब हालत में खड़े रहने वाले ट्रक व ट्रैक्ट्रर-ट्रालियाें से वाहन टकरा जाते हैं। ऐसे में पीछे से आने वाले वाहन इनसे टकरा कर हादसे का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में आपका सफर दिन रात सुरक्षित रहे इसके लिए जिला पुलिस दिनरात सर्दी में सड़कों पर गश्त करेगी। इतना ही नहीं वाहन चालकों को रात के समय रास्ता भी दिखाएगी ताकि कोई हादसा न हो। हालांकि कोहरा अभी पड़ने नहीं लगा है। परंतु पुलिस ने अभी से ही इसकी तैयार शुरू कर दी है।

छह बाइक पर गश्त करेंगे पुलिसकर्मी

सुरक्षित सफर के लिए जिला में पुलिस बाइकों पर गश्त करेगी। एक बाइक पर दो पुलिसकर्मी होंगे। दो शिफ्ट में ड्यूटी होगी। इसलिए 24 पुलिसकर्मियों काे ड्यूटी पर तैनात रखा जाएगा। इनके पास टार्च, रिफ्लेक्टर, रेडियम वाली जैकेट होगी। इन्हें सड़क पर यदि कोई खराब वाहन दिखेगा तो वह उसके आगे व पीछे सड़क पर रिफ्लेक्टर रख देंगे। रोशनी पड़ने पर रिफ्लेक्टर चमकने लगेंगे और वाहन चालक अलर्ट हो जाएगा। इससे हादसा नहीं होगा। पुलिसकर्मी वाहन के आसपास रहते हुए दूसरे वाहन चालकों को रास्ता दिखाएंगे।

कोहरे में वाहन चालक यह बरतें सावधानी

वाहन में येलो लाइट का उपयोग करें। येलो लाइट से कोहरे में दिखाई देता है। जबकि सफेद रोशनी में सड़क में कुछ नहीं दिखता। यदि बहुत आवश्यक हो तब ही रात को निकले। कोहरा अधिक होने पर वाहन नहीं चलाए। कोहरे में वाहन चलाएं तो धीमी गति और सावधानी से चलाएं। क्योंकि कोहरे में सड़क किनारे मार्ग संकेत में लगे रेडियम पट्टी भी स्पष्ट नहीं दिखती। वाहन को सड़क से नीचे नहीं उतारें। नदी और तालाब के आसपास गाड़ी की गति को धीमा रखें। अपनी लेन में चलें, बीच सड़क या किनारे गाड़ी खड़ी न करें। बहुत से वाहनों में पीछे रिफ्लेक्टर जरूरी है। साइकिल व झोटा बुग्गी के पीछे भी रिफलेक्टर लगाएं। वाहन को ओवर लोड कर न चलाए। सड़कों पर दिशासूचक का ध्यान रखें। गाड़ी चलाते समय वाहन चालक बात न करें। वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें, ओवरटेक करते वक्त जल्दबाजी न करें। कोहरे के दौरान स्कूली वाहनों की हेड लाइट हमेशा लो बीम मोड में रखें। पैदल जाते वक्त स्कूली बच्चे फुटपाथ पर किनारे पर चले। वाहनों के पीछे की इंडिकेटर चलाकर रखें।

24 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है : कमलदीप गोयल

एसपी कमलदीप गाेयल ने बताया कि आने वाले दिनों में पड़ने वाले कोहरे को देखते हुए छह बाइक पर 24 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। यह कर्मचारी शिफ्टों में रातभर सड़कों पर रहेंगे। जहां भी सड़क किनारे खराब वाहन खड़ा देखेंगे उसके आगे पीछे रिफ्लेक्टर स्टैंड रख देंगे। जिससे दूसरा वाहन चालक अलर्ट हो जाएगा। इससे हादसों में कमी आएगी।

chat bot
आपका साथी