Oxygen Cylinder Shortage: ऑक्‍सीजन को लेकर जींद में हंगामा, पुलिस सरकारी में लेकर पहुंची निजी अस्‍पताल की सप्‍लाई

हरियाणा के जींद में निजी अस्‍पताल में सप्‍लाई लेकर जा रहे ऑक्‍सीजन सिलेंडर से भरे कैंटर को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस उसे नागरिक अस्‍पताल ले गई। यहां पर नागरिक अस्‍पताल में सप्‍लाई उतारने को लेकर हंगामा मच गया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 05:59 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 05:59 PM (IST)
Oxygen Cylinder Shortage: ऑक्‍सीजन को लेकर जींद में हंगामा, पुलिस सरकारी में लेकर पहुंची निजी अस्‍पताल की सप्‍लाई
ऑक्‍सीजन की मांग को लेकर सप्‍लायर से बात करते अधिकारी।

जींद, जेएनएन। जींद के कुछ निजी अस्पतालों में आक्सीजन सप्लाई के आ रहे सिलेंडरों से भरे कैंटर को पुलिस एस्कोर्ट नागरिक अस्पताल में ले आई। यहां पर सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह ने आक्सीजन के सिलेंडरों को नागरिक अस्पताल प्रबंधन को देने के लिए कहा। सिविल सर्जन ने कहा कि नागरिक अस्पताल में इसकी ज्यादा जरूरत है, इसलिए आक्सीजन सिलेंडर उन्हें दे दिए जाएं, इसके लिए वह सिलेंडरों की पूरी पेेमेंट करने को तैयार हैं। सप्लायर ने कहा कि सप्लाई के ऑर्डर निजी अस्पतालों के हैं, इसलिए वह सप्लाई नागरिक अस्पताल को नहीं दे सकते। काफी देर यहां ड्रामा होता रहा। इसके बाद कैंटर को जाने दिया गया।

हुआ यूं कि शुक्रवार को हिसार से आक्सीजन सिलेंडरों से भरी गाड़ी जींद शहर की तरफ आ रही थी। शहर में इंट्री करते ही पुलिस एस्कोर्ट गाड़ी के आगे लगकर उसे पीछे-पीछे आने के लिए कहा। गाड़ी चालक ने सोचा कि सुरक्षा के लिहाज से पुलिस एस्कोर्ट मिली है, इस पर पुलिस की गाड़ी के पीछे-पीछे चल दिया। पुलिस एस्कोर्ट सीधे नागरिक अस्पताल में आकर रूकी। यहां पर आकर पता चला कि सप्लाई नागरिक अस्पताल की नहीं, बल्कि निजी अस्पतालों के लिए थी। इस पर गैस सप्लायर सुभाष नागरिक अस्पताल पहुंचा और पुलिस को जिन अस्पतालों में आक्सीजन सप्लाई की जानी है, उनके नाम के बिल और आॅर्डर दिखाए।

सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह, एमएस डा. गोपाल गोयल, डा. रघबीर पूनिया मौके पर पहुंचे। सिविल सर्जन ने सप्लायर से कहा कि सिलेंडर अस्पताल प्रबंधन को दे दिए जाएं, क्योंकि यहां आइसोलेशन वार्ड में कोरोना के ज्यादा मरीज दाखिल हैं और आक्सीजन की डिमांड बहुत ज्यादा है। वह आक्सीजन सिलेंडरों की पेमेंट कर देंगे। सप्लायर सुभाष ने कहा कि वह बिना आर्डर के नागरिक अस्पताल प्रबंधन को सप्लाई नहीं दे सकते। यह आक्सीजन सिलेंडर प्राइवेट अस्पतालों के लिए हैं। काफी देर तक जद्दोजहद के बाद सप्लाई और कैंटर को जाने दिया गया।

अस्पताल में बढ़ी आक्सीजन की खपत : डा. गोपाल गोयल

एमएस डा. गोपाल गोयल ने कहा कि नागरिक अस्पताल में कोरोना के ज्यादा मरीज दाखिल हैं। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने पर आक्सीजन सिलेंडर के जरिए कृत्रिम सांस दी जाती है। पिछले कई दिनों से आक्सीजन की खपत बढ़ी है, इसलिए आक्सीजन सिलेंडर मांगे गए थे। आक्सीजन सिलेंडरों की पेमेंट करने को प्रबंधन तैयार था लेकिन सप्लायर ने मना कर दिया तो उसे जाने दिया गया। डीएमसी संजय बिश्नोई ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही उन्हें आक्सीजन सप्लाई मिल जाएगी।

chat bot
आपका साथी