Bharat Bandh: भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क, कैथल में जाम लगा तो इस रूट से जा सकते हैं वाहन

भारक बंद के चलते किसान व कई संगठन सड़कों को 15 से 20 जगह जाम करेंगे व दुकानें बंद करवाई जाएंगी। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर तितरम मोड़ पर जाम लगाकर किसानों का मुख्य धरना रहेगा। जिसको लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 06:05 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 07:03 AM (IST)
Bharat Bandh: भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क, कैथल में जाम लगा तो इस रूट से जा सकते हैं वाहन
कैथल में भारत बंद चलते प्रशान की तैयारियां पूरी।

कैथल, जागरण संवाददाता। किसान सयुंक्त मोर्चा ने सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया है, जिसके चलते किसान संगठनों से जुड़े लोग 15 से 20 जगहों पर सड़कें जाम करेंगे। शहर में बाजार भी बंद करवाएंगे। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर तितरम मोड़ को जाम कर किसानों का मुख्य धरनास्थल रहेगा। किसान सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक जाम लगाएंगे। तितरम मोड़ के अलावा किसानों ने कलायत में नेशनल हाइवे बाइपास, राजौंद-पूंडरी मार्ग पर पाई गांव में किसान चौक, ढांड में जाजनपुर में, गुहला क्षेत्र में हरियाणा पंजाब बार्डर के टटियाना टोल, चीका में उधम सिंह चौक, गांव पीडल, भागल, सीवन और अगौंध सहित कई जगह जाम लगाने की बात कही है।

पुलिस प्रशासन की तरफ डायवर्ट किए जाएंगे रूट

पुलिस प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति को देखते हुए वाहन डायवर्ट किए जाएंगे। प्रशासन ने 20 से 22 बिंदुओं को चिह्नित कर पुलिस बल को तैनात करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने इन स्थानों के लिए एसडीएम, डीएसपी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।

पुलिस कर्मियों को निर्देश-सभी उपकरणों से लैस होकर रहें तैनात

एसपी लोकंद्र सिंह ने कहा कि भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। ड्यूटी के समय पुलिस के सभी कर्मचारी व अधिकारी लाठी, हेलमेट, बाडी प्रोटेक्टर, कनशील्ड सहित दंगा रोधक उपकरणों से लेस रहेंगे। उन्होंने आदेश दिए हैं कि सभी राइडर व पीसीआर लगातार गश्त करेंगी। असामाजिक व शरारती तत्वों द्वारा अगर कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने की कोशिश की जाती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस द्वारा मुख्य स्थानों पर शांति व कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए फायर ब्रिगेड वाहन, एंबुलेंस, क्रेन व वाटर कैनन गाड़ी लगाई जाएंगी। बंद दौरान के मुख्य बिंदुओं पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की संभावना के मद्देनजर उक्त संवेदनशील बिंदुओं पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। एसपी ने कहा कि जाम के दौरान किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। अगर कोई गलत अफवाह फैलाता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें।

शांतिप्रिय रहेगा भारत बंद : गिल

भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान होशियार सिंह गिल, राजेश कालीरामण ने कहा कि शांतिप्रिय तरीके से भारत बंद कार्यक्रम रहेगा। भारत बंद में भाग लेने के लिए गांव-गांव जाकर किसानों को न्यौता दिया गया है। किसान, व्यापारी व मजदूर बढ़-चढ़कर कर इसमें हिस्सा लेंगे।

chat bot
आपका साथी