प्रतिभा: बेटों को संभालते हैं डाक्टर पति, पहलवान पत्नी ने लगा दी पदकों की झड़ी
पानीपत के नांगल खेड़ी गांव की बहू सुमन कुंडू कर रही हैं आल इंडिया पुलिस गेम्स की तैयारी। 16 बार भारत केसरी कामनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक सहित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में जीत चुकी हैं 40 पदक।
पानीपत, [विजय गाहल्याण]। नांगलखेड़ी गांव के डा. परमजीत मलिक और उनकी अंतरराष्ट्रीय पहलवान पत्नी सुमन कुंडू में गजब का तालमेल है। परमजीत घर पर साढ़े चार साल के बेटे रणवीर और सात महीने के रणविजय को संभालते हैं। 35 वर्षीय सुमन रोहतक की एमडीयू में कोच ईश्वर दहिया और राजकुमार हुड्डा के पास सुबह व शाम को कुश्ती का अभ्यास करने जाती हैं। अब वह आल इंडिया पुलिस व वल्र्ड पुलिस गेम्स की तैयारी कर रही हैं। सुमन 16 बार भारत केसरी, कामनवेल्थ गेम्स में कांस्य सहित 40 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। 2011 में हरियाणा पुलिस में खेल कोटे से सब इंस्पेक्टर भर्ती हुईं। छठी बटालियन मधुबन में तैनात हैं। सुमन ससुराल में भी लड़कियों के लिए रोल माडल हैं। यहां की लड़कियां भी कुश्ती का अभ्यास करने लगी हैं।
चोट की वजह से ओलंपिक कोटे से चूक गई थीं
जींद के कालवा गांव की सुमन कुंडू ने बताया कि दंगल गर्ल गीता व बबीता फोगाट जब सफलता के चरम पर थीं, तब वह भी उनके साथ इंडिया कुश्ती कैंप में रही हैं। 2011 में उनके बाएं घुटने में चोट लग गई थी। दो बार सर्जरी हुई थी। इसी वजह से वह 2012 में हुए ओङ्क्षलपिक के कोटे से चूक गई थी। 2011 में उन्होंने परमजीत मलिक से शादी की। 2020 में उन्होंने आल इंडिया पुलिस गेम्स में 72 किलोग्राम में स्वर्ण पदक जीता। अब लक्ष्य वल्र्ड पुलिस गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने का है।
पत्नी पदक जीतती हैं तो खुशी होती है
माडल व बाडी बिल्डर रहे डा. परमजीत मलिक ने बताया कि शादी के बाद दो बेटे हुए। बेटों को या तो पत्नी सुमन संभालती या फिर मैं। पत्नी अंतरराष्ट्रीय पहलवान हैं और पदक जीत रही हैं। इसी वजह से निर्णय लिया कि अपना बाडी बिल्डिंग का शौक पूरा न कर, पत्नी को खेलों में आगे बढ़ाऊं। इसी वजह से दोनों बेटों की देखभाल करता हूं। पत्नी पदक जीतती हैं तो खुशी होती है।
सुमन की उपलब्धियां
- कामनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक।
-16 बार भारत केसरी खिताब।
-आल इंडिया कुश्ती चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक।
-अखिल भारतीय एक करोड़ी कुश्ती दंगल में कांस्य पदक।
-आल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण पदक।