Festival Market: दीपावली के स्‍वागत को तैयार पानीपत टेक्‍सटाइल का कारोबार, करवाचौथ से पहले सजा बाजार

Diwali 2021 Market कोरोना महामारी से उभरते हुए पानीपत टेक्‍सटाइल मार्केट दीपावली के स्‍वागत के लिए तैयार है। कंबल से लेकर होम फर्निशिंग के आइटम्‍स से बाजार सज चुका है। करवाचौथ से ही खरीदारों की भीड़ पहुंच रही है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 11:30 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 11:30 AM (IST)
Festival Market: दीपावली के स्‍वागत को तैयार पानीपत टेक्‍सटाइल का कारोबार, करवाचौथ से पहले सजा बाजार
दीपावली के लिए पानीपत का बाजार तैयार।

पानीपत, [महावीर गोयल]। दिवाली को कुछ ही दिन बचे हैं। हर कोई खरीदारी के बाजार में पहुंच रहा। कंबल, शाल, हौजरी से लेकर होम फर्निशिंग, इलेक्ट्रानिक, हैंडलूम, से लेकर साड़ी, सूट, कपड़ा बाजार सज चुके हैं। दो वर्षों की कोविड की मार के बाद अब रौनक दिखी है। पानीपत के कंबल, शाल, पचरंगा अचार से लेकर हैंडलूम बाजार विश्व भर में प्रसिद्ध है। दैनिक जागरण त्योहारी सीजन में आपको पानीपत के बाजारों से रूबरू कराएंगे, ताकि आसानी से उचित दामों पर सामान मिल सके। आज कंबल, शाल, टावल मार्केट से कराते हैं रूबरू।

पानीपत में कंबल, शाल, टावल सहित हौजरी का सामान खरीदने के लिए पचरंगा बाजार और गोहाना रोड पर बसी मार्केट के अलावा जीटी रोड पर बने शोरूम से खरीदारी की जा सकती है। वैसे माफिक बाजार पचरंगा बाजार और गोहाना रोड है। पचरंगा बाजार में 250 दुकानें शाल की हैं। 450 दुकानें कंबल की बनी हुई हैं।

थोक में सस्ती दरों पर कंबल मनमाफिक डिजाइन में यहां से खरीदा जा सकता है। इस मार्केट में थोक में खरीदारी हो सकती है। हालांकि 40-50 दुकानों पर रिटेल में भी कंबल व शाल खरीदी जा सकती है। बाजार में पानीपत का बना मिंक, पोलर, फ्लालेन, एक्रेलिक, सुपर सोफ्ट, कलाउड़ी कंबल उपलब्ध है। बाथ मैट से लेकर टाउल, स्वेट, स्वेटर, जैकेट भी थोक में इस बाजार में खरीदी जा सकती है। पूरे देश में यहां से थोक में कंबल शाल, हौजरी के सामान के अलावा अब बैडशीट भी निर्यात होने लगी है।

पावरलूम और शटल लैस पर बन रही शाल

बाजार के कारोबारी अशोक नारंग बताते हैं पहले यहां 1960 में कमली शाल बिकती थी, जो पानीपत में ही बनती थी। उसके बाद लुधियाना से शाल लाकर यहां बेचना शुरू हुआ। अब पावरलूम और शटल लैस पर ही शाल बन रही है। सेना में सप्लाई होना वाला कंबल इसी बाजार में बिकता है। समय के साथ साथ अब शौडी कंबल की मांग बहुत कम हो चुकी है। वर्तमान में मिंक, पोलर, फ्लालेन, सुपर सोफ्ट, कलाउडी कंबल ने शौडी का स्थान ले लिया है। यह कंबल चीन, कोरिया से लाकर बेचा जा रहा था। अब पानीपत का बना कंबल अधिक बिक रहा है। पानीपत के सभी बड़े -बडे शोरूम इसी मार्केट से थोक में माल लेकर बेचते हैं।

तोलिया मार्केट में कंबल, रजाई, बेडशीट, बाथ मैट

20 वर्ष पूर्व गोहाना रोड के आसपास गणपति, अग्रसेन मार्केट, फुटेला मार्केट बनने लगी। इन बाजारों में असोर्टमेंट अर्थात ए्क्सपोर्ट का बचा हुआ माल बिकना शुरू हुआ। यहां 40 से अधिक दुकानें थोक में तौलिया बेचते हैं। शोलापुर से लेकर अन्य प्रदेशों पंजाब, मध्यप्रदेश व स्थानीय स्तर पर बनने वाला टावल यहां बिकता है। अब इन बाजारों के साथ ही गोहाना रोड पर कंबल बेडशीट, बाथ मैट, कारपेट के शोरूम खुल गए हैं। यहां सस्ते से सस्ता और महंगे से महंगा कंबल, बेडशीट, थ्रीडी, चादर, तौलिया उपलब्ध है।

दीपावली पर पैकिंग की धूम

दीपावली पर कंबल, बेडशीट, टावल गिफ्ट के रूप में दिया जाता है। शादी विवाह में भी गिफ्ट में कंबल बेडशीट, टावल गिफ्ट में दिया जाता है। इसके लिए अलग से पैकिंग होती है। बेडशीट पिलो की पैकिंग होती है। टावल की टोकरी से लेकर अन्य तरह की पैकिंग की जाती है।

दो वर्ष के बाद रौनक लौटने लगी है : राजेश जैन

शीतल नाथ टेक्सटाइल के मालिक राजेश जैन ने बताया कि कंबल बाजार में रौनक तो लौटने लगी है। पचरंगा बाजार यहां की मुख्य मार्केट है। इस बार रा-मैटिरियल के बढ़ते दामों व कंबल की कम मांग से परेशानी बनी हुई है। पिछले वर्ष धागे का भाव 86 रुपये किलो था जबकि कंबल 190 रुपये किलो बिक रहा था। इस बार धागे का भाव 126 और कंबल का भाव भी 190 रुपये किलो चल रहा है।

वर्तमान में कंबल के भाव

मिंक कंबल सामान्य 160-170 रुपये किलो

सुपर सोफ्ट 190-210 रुपये किलो

कलाउडी 230-270 रुपये

सस्‍ता और अच्‍छी क्‍वालिटी का कंबल

बालाजी हैंडलूम गोहाना रोड के मालिक सुरेश सैनी ने बताया कि सबसे सस्ता और अच्छा कंबल, बाथ मैट, चादर, 3 डी, यहां मिलते हैं। 250 से अधिक दुकानें यहां खुली हैं। थोक के साथ -साथ रिटेल में यहां माल मिलता है। जो कंबल यहां 5000 रुपये मिलता है, वह जीटी रोड पर खुले शोरूम में 12 हजार तक बिकता है। यहां से पूरे देश में कंबल, बेडशीट, करटन क्लाथ, टावल, रजाई की आपूर्ति हो रही है। पिछले 10 सालों में यह बाजार उभरा है। यहां पार्किंग की सुविधा है।

हर क्वालिटी का कंबल उपलब्ध

दुकानदार रामकुमार गुप्ता ने बताया कि अब गोहाना रोड पर खुले शोरूम सहित आसपास लगती मार्केट में सस्ते से सस्ता और महंगे से महंगा कंबल बेडशीट, मैट, उपलब्ध है। यहां से थोक के साथ-साथ रिटेल में कारोबार होता है। कारोबार बढ़ने के साथ ही पचरंगा बाजार कम पड़ने लगा।

50 दुकानें टावल की

तौलिया कारोबारी दिनेश कुमार ने बताया कि गोहना रोड की मार्केट तौलिया मार्केट के रूप में प्रसिद्ध है। यहां 50 दुकानें टावल की हैं। यहां से हैंडलूम मार्केट तक में तौलिया बिकने के लिए जाता है। 75 रुपये से लेकर 350 रुपये तक यहां टावल बिक रहा है।

chat bot
आपका साथी