Paddy Procurement: मौसम की आंख मिचौली, हरियाणा की मंडियों में पहुंच रहा धान, जानिए क्या है भाव

पिछले साल की अपेक्षा इस बार धान के भाव ज्यादा हैं इससे किसानों को प्रति एकड़ 15 से 20 हजार का फायदा हो रहा है। नई अनाज मंडी प्रधान श्याम लाल गर्ग उपप्रधान धर्मपाल कठवाड़ ने बताया कि धान का सीजन इस बार बेहतर तरीके से चल रहा है।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 05:55 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 05:55 PM (IST)
Paddy Procurement: मौसम की आंख मिचौली, हरियाणा की मंडियों में पहुंच रहा धान, जानिए क्या है भाव
कैथल अनाज मंडी में लाई गई धान।

कैथल, जागरण संवाददाता। रविवार को आसमान में छाए बादलों के चलते मंडी में आवक पर भी असर पड़ा था, लेकिन सोमवार को सुबह से मौसम साफ होने के बाद आवक हुई। शहर की तीनों अनाज मंडियों में 1121 की आवक भी शुरू हो गई है। सोमवार को 3250 से 3300 रुपये प्रति क्विंटल तक यह धान बिका। वहीं इसी किस्म का 1718 धान 3225 रुपये, 1509 धान के भाव 2800 से 3000 प्रति क्विंटल हैं। मुच्छल के भाव 2900 से 3000 के बीच चल रहे हैं। वहीं पीआर धान का सीजन अब समाप्ति की ओर है, इसलिए आवक कम होने लगी है। इस किस्म के धान के भाव भी 1960 रुपये किसानों को मिल रहे हैं।

पिछले साल की अपेक्षा इस बार धान के भाव ज्यादा हैं, इससे किसानों को प्रति एकड़ 15 से 20 हजार का फायदा हो रहा है। नई अनाज मंडी प्रधान श्याम लाल गर्ग, उपप्रधान धर्मपाल कठवाड़ ने बताया कि धान का सीजन इस बार बेहतर तरीके से चल रहा है। गेट पास को लेकर भी कोई दिक्कत नहीं आ रही है। किसानों को इस बार भाव भी अच्छे मिल रहे हैं।

पुरानी अनाज मंडी में पीआर धान की खरीद में आ रही है दिक्कत 

पुरानी अनाज मंडी प्रधान श्याम बहादुर खुरानिया ने बताया कि पुरानी अनाज मंडी में पीआर धान की खरीद को लेकर दिक्कत आ रही है। नमी बता कर कम भाव पर धान खरीदा जा रहा है। एमएसपी 1960 रुपये है, लेकिन किसानों को 1750 से 1800 रुपये तक भाव मिल रहे हैं। प्रशासन को भी इस बारे में अवगत करवा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मंडी शहर के बीचों-बीच होने के कारण धान की खरीद न होने से जाम की स्थिति भी रहती है। कई किसान तो यहां से धान की ढेरियां उठा कर दूसरी मंडियों में बेच रहे हैं।

पीआर धान के सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कटेंगे गेट पास

मार्केट कमेटी सचिव सतवीर राविश ने बताया कि धान सीजन को लेकर इस बार बेहतर व्यवस्था बनाई गई है। गेट पास को लेकर भी किसी भी तरह की दिक्कत किसानों को नहीं आ रही है। पीआर धान को लेकर अब सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक गेट पास काटे जाएंगे। किसान इसके बाद धान लेकर आता है तो गेट पास नहीं कटेंगे। वहीं जिले से बाहर का किसान अगर मंडी में धान लेकर आता है तो खरीद नहीं होगी। अगर वह पहले से ही मंडी से जुड़ा हुआ है तो ठीक है, नए ग्राहक की धान को मंडी में खरीदा नहीं जाएगा। किसानों से अपील है कि धान को सुखाकर मंडियों में लेकर आएं, ताकि अच्छे भाव किसानों को मिल सकें

chat bot
आपका साथी