Jind Murder: जींद में हत्या के विरोध में आक्रोश, तीन दिसंबर को जींद में हड़ताल करेंगे व्यापारी
जींद में व्यापारी की गोली मारकर हत्या के विरोध में हरियाणा प्रदेश व्यापार के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने आक्रोश जताया। व्यापारी श्याम सुंदर बंसल की हत्या करने व नितिन गोयल से 10 लाख रुपये की फिरौती लेने के विरोध में 3 दिसंबर को जींद में हड़ताल रहेगी।
जींद, जागरण संवाददाता। जींद में बढ़ते अपराध के खिलाफ व्यापारी ने रोष जताया। अपराधियों द्वारा व्यापारी श्याम सुंदर बंसल की गोली मारकर हत्या करना व नितिन गोयल से 10 लाख रुपये की फिरौती लेने के विरोध में आज जींद में व्यापारियों द्वारा जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव बजरंग गर्ग ने मुख्य रूप से भाग लिया और व्यापार मंडल जिला प्रधान महावीर कंप्यूटर, राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार मंडल जिला प्रधान रिसव जैन ने अध्यक्षता की।
बैठक में भारी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। इस बैठक में सर्वसम्मति से हत्या व फिरौती के विरोध में 3 दिसंबर को जींद में पूरा बाजार बंद रखकर हड़ताल करने का फैसला लिया गया। व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने धरने पर बैठे नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारियों द्वारा 3 दिसंबर को जींद बंद का जो आह्वान किया है, उस दिन पूरे जींद के बाजार बंद रख कर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। जब तक श्याम सुंदर बंसल की हत्या करने वाले व नितिन गोयल से 10 लाख रुपए की फिरौती लेने वाले सारे अपराधी नहीं पकड़े जाते तब तक व्यापारियों का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि बड़े अफसोस से कहना पड़ रहा है अपराधी हथियार की नोक पर दिनदहाड़े हत्या, लूटपाट व फिरौती की वारदातें कर रहे हैं और सरकार आंख मूंदकर यह सब तमाशा देख रही है। अगर हरियाणा में व्यापारी व उद्योगपति सुरक्षित नहीं होगा तो प्रदेश में व्यापारी कैसे अपना व्यापार कर पाएगा, यह बहुत बड़ा चिंता का विषय है। सरकार को हरियाणा में अपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए विशेष योजना बनानी चाहिए और श्याम सुंदर बंसल के हत्यारे व नितिन गोयल से फिरौती लेने वाले सभी अपराधी को तुरंत गिरफ्तार करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
गर्ग ने कहा कि आज प्रदेश का हर व्यापारी व नागरिक अपने व अपने परिवार की जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है जिसके कारण व्यापारियों को व्यापार करने में बड़ी भारी दिक्कत आ रही है। जबकि व्यापारी कानून व्यवस्था में सुधार के लिए हमेशा ही सरकार व पुलिस प्रशासन का सहयोग करता आ रहा है। व्यापारी व आम जनता की जान माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह से सरकार की होती है मगर सरकार व्यापारी व आम जनता की जान माल की सुरक्षा करने में विफल सिद्ध हुई है। अगर सरकार ने अपराध पर अंकुश नहीं लगाया तो हरियाणा का व्यापारी अपनी दुकानें व फैक्ट्रियां बंद करके चाबियां मुख्यमंत्री जी को सौंप देगा। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष महावीर कंप्यूटर ने धरने प्रदर्शन में सहयोग करने के लिए सभी व्यापारी भाइयों का आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा 3 दिसंबर को जींद बंद ऐतिहासिक रहेगा हर ट्रेड का व्यापारी हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेगा। इस मौके पर व्यापार मंडल जिला प्रधान महावीर कंप्यूटर, जन उद्योग जिला प्रधान रिसव जैन, व्यापार मंडल शहरी प्रधान ईश्वर बंसल, नगर प्रधान अनील अग्रवाल, उपप्रधान अशोक गुलाठी, प्रवक्ता राज कुमार गोयल, सुनील वशिष्ट, अंशुल सिंगला, अग्रवाल सभा प्रधान महेंद्र मंगला, कपड़ा एसोसिएशन प्रधान राजेश गोयल, आई डी गोयल, रेडी मेट एसोसिएशन प्रधान जय कुमार, करियाणा एसोसिएशन प्रधान राज कुमार जैन, फर्नीचर एसोसिएशन प्रधान राकेश सिंगला, खाद बीज एसोसिएशन प्रधान पवन गर्ग, पालीका बाजार प्रधान जय भगवान, सिया राम, मुनीष गर्ग, आप पार्टी से तरसेम, साड़ी एसोसिएशन प्रधान सावर गर्ग, सचिव सुरेश गर्ग आदि व्यापारी प्रतिनिधी भारी संख्या में मौजूद थे।