कैथल की सभी खेल नर्सरियों को बंद करने के आदेश जारी, जानिए यहां क्या मिलती है सुविधाएं

कैथल की सभी 9 खेल नर्सरियों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। विभाग की तरफ से संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्यों को इस बारे में पत्र भेज दिया गया है। अब अगर इन नर्सरियों को दोबारा चलाना है तो विभाग के पास अप्लाई करना पड़ेगा।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 04:38 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 04:38 PM (IST)
कैथल की सभी खेल नर्सरियों को बंद करने के आदेश जारी, जानिए यहां क्या मिलती है सुविधाएं
कैथल की सभी 9 खेल नर्सरियां होंगी बंद।

कैथल, [सुनील जांगड़ा]। खेल विभाग की तरफ से जिले की सभी नौ खेल नर्सरियों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। करीब दो सालों से इन नर्सरियों में आनलाइन खिलाड़ियों को अभ्यास करवाया जा रहा था। अब एक दिसंबर से सभी नर्सरियां बंद की जा चुकी हैं। विभाग की तरफ से संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्यों को इस बारे में पत्र भेज दिया गया है। अब अगर इन नर्सरियों को दोबारा चलाना है तो विभाग के पास अप्लाई करना पड़ेगा।

विभाग की तरफ से जल्द ही नई खेल नर्सरियां खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। खेल विभाग हरियाणा में 1100 नई खेल नर्सरियां खोलने की तैयारी कर रहा है। इनमें से 500 नर्सरी खेल विभाग के प्रशिक्षक चलाएंगे और 600 नर्सरी निजी संस्थाओं को दी जानी हैं। नई नर्सरी खोलने के कारण ही पहले से चल रही नर्सरियों को बंद किया जा रहा है। नई खुलने वाली नर्सरियों की सालाना रिपोर्ट तैयार की जाएगी और ग्रेड दिए जाएंगे। डी ग्रेड लेने वाली नर्सरी को बंद कर दिया जाएगा।  

यहां-यहां चल रही थी खेल नर्सरियां 

- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानस में लड़कियों की फुटबाल

- हिंदू कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लड़कियों की बाक्सिंग

- जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में लड़कियों की कबड्डी

- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन में लड़कियों की हैंडबाल 

- ज्ञानदीप एकेडमी कमालपुर में लड़कों की कबड्डी

- केवीएम पाई में लड़कियों की कबड्डी

- शिक्षा भारती विद्या निकेतन कलायत में लड़कों की हैंडबाल और बाक्सिंग 

- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगथली में लड़कियों की हैंडबाल

- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहेड़ा में लड़कों की कबड्डी

यह मिलती है खिलाड़ियों को राशि 

एक खेल नर्सरी में 25 खिलाड़ी होंगे। इनमें पांच खिलाड़ी प्रतीक्षा सूची में रहेंगे। आठ से 14 साल के खिलाड़ियों को 1500 रुपये महीना और 15 से 19 साल के खिलाड़ियों को दो हजार रुपये महीना छात्रवृत्ति दी जाती है। इसके लिए खिलाड़ियों की महीने में 22 दिन की हाजिरी होनी जरूरी होगी।   

नए तरीके से खेल नर्सरी खोलने की प्रक्रिया शुरू

जिला खेल अधिकारी जगजीत सिंह मलिक ने बताया कि निदेशालय के निर्देशानुसार जिले की सभी नौ खेल नर्सरियों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। जल्द ही नए तरीके से खेल नर्सरी खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और आवेदन मांगे जाएंगे।

chat bot
आपका साथी