Olympic Games Tokyo 2020: टोक्यो में 3 अगस्त से सजेगा भारतीय पहलवानों का दंगल, हरियाणा के खिलाडि़यों पर टिकीं नजरें
टोक्यों में तीन अगस्त से रेसलिंग के इवेंट शुरू हो रहे हैं। भारतीय दल सबसे पहले 3 को सोनम मलिक व सबसे आखिर में 6 अगस्त को सीमा बिसला मैट पर उतरेंगी। सात अगस्त को आखिरी दिन होंगे पुरुष 60 किलो व महिला वर्ग में 50 किलो के रेपचेज मुकाबले।
जींद, [कर्मपाल गिल]। Olympic Games Tokyo 2020: टोक्यो ओलंपिक में कुश्ती का दंगल एक अगस्त से सज जाएगा। लेकिन भारतीय पहलवानों के मुकाबले तीन अगस्त से शुरू होंगे। उभरती खिलाड़ी सोनम व अंशु का पहले ही मुकाबले में विश्व चैंपियन से भिडऩा पड़ सकता है। मैचों का टाई मुकाबलों से ऐन पहले या एक दिन पहले होने की संभावना है।
भारतीय पहलवानों से इस बार टोक्यो में कई पदकों की उम्मीद है। अपने वजन में विश्व के नंबर वन पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फौगाट के अलावा अंशु मलिक, सोनम मलिक व रवि दहिया पर भी सबकी नजरें टिकी रहेंगी। भारतीय पहलवानों के दल में सबसे पहला मुकाबला तीन अगस्त को सुबह 8 बजे सोनम मलिक का होगा। 62 किलोग्राम भार वर्ग की पहलवान सोनम मलिक दो साल पहले रियो ओलंपिक की पदक विजेता साक्षी मलिक को हराकर सुर्खियों में आई थी।
तीन अगस्त को ही तीन बजे 62 किलो के सेमिफाइनल मुकाबले होंगे और रेपचेज राउंड चार अगस्त को सात बजे के बाद होंगे। चार अगस्त को पुरुषों के 57 किलोग्राम में रवि दहिया, 86 किलोग्राम में दीपक पूनिया और महिलाओं के 57 किलोग्राम में अंशु मलिक मैट पर उतरेंगी। मात्र 20 साल की उम्र में ओङ्क्षलपिक में पहुंची अंशु मलिक आत्मविश्वास से लबरेज है। टोक्यो पहुंचने के बाद अंशु ने पहलवान पिता धर्मबीर से कहा कि मेडल लेकर ही घर आउंगी।
पांच व छह अगस्त के मुकाबलों पर देश ही नहीं, पूरे विश्व की नजरें टिकी होंगी। पांच अगस्त को 53 किलो में भारत की पदक की प्रबल दावेदार विनेश फौगाट मैट पर उतरेगी। रियो ओलंपिक में घुटने की चोट के कारण पदक से महरूम हुई विनेश पूरी फोर्म में हैं। पांच अगस्त को ही पुरुषों के 57 किलोग्राम, 86 किलोग्राम और महिलाओं के 57 किलोग्राम के रेपचेज राउंड भी देखने को मिलेंगे। छह अगस्त को 65 किलोग्राम में विश्व के नंबर वन खिलाड़ी बजरंग पूनिया दम दिखाएंगे। रूस में करीब महीनेभर की तैयारियों के बाद टोक्यो पहुंचे बजरंग से पूरे देश को पदक की उम्मीद है। भारतीय दल में सबसे आखिर में 50 किलो की पहलवान सीमा बिसला का मुकाबला होगा। इसी दिन 53 किलो के रेपचेज मुकाबला होगा। सात अगस्त को पुरुष 65 किलोग्राम और महिला 50 किलोग्राम के रेपचेज राउंड होंगे। भारतीय पहलवानों के शुरुआती मुकाबले में काफी कड़े होने की संभावना है।
किस वजन में कौन खिलाड़ी
पुरुष पहलवान
57 किलो में रवि दहिया
86 किलो में दीपक पूनिया
65 किलो में बजरंग पूनिया
महिला पहलवान
62 किलो में सोनम मलिक
57 किलो में अंशु मलिक
53 किलो में विनेश फौगाट
50 किलो में सीमा बिसला