हरियाणा के खिलाडि़यों से जुड़ी खबर, अब मंडल स्तर पर बनेंगे खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट

हरियाणा के खिलाडि़यों से जुड़ी खबर है। अब खिलाडि़यों का खेल ग्रेडेशन सटिफिकेट मंडल स्‍तर से बनाया जाएगा। ऐसे में जींद के खिलाड़ियों का रोहतक में बनेगा ग्रेडेशन सर्टिफिकेट। बता दें कि जींद जिला रोहतक मंडल के अंतर्गत आता है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 05:30 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 05:30 PM (IST)
हरियाणा के खिलाडि़यों से जुड़ी खबर, अब मंडल स्तर पर बनेंगे खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट
हरियाणा में मंडल स्‍तर पर ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनेगा।

जींद, जागरण संवाददाता। जींद के खिलाड़ियों को अब खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट के लिए रोहतक तक की दौड़ करनी पड़ेगी। खेल विभाग के मुख्यालय से जिला खेल विभाग को मंडल स्तर पर खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाने के आदेश दिए हैं और जींद जिला रोहतक मंडल के अंतर्गत आता है।

प्रदेश में फर्जी खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट को लेकर पिछले काफी दिनों से विवाद चल रहा है। इसके चलते काफी जिलों में फर्जी खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाने की सूचनाएं खेल मुख्यालय को लगातार मिल रही थी। इन्हीें के आधार पर अब खेल विभाग द्वारा फैसला लिया गया कि अब सी और डी स्तर के खेल सर्टिफिकेट मंडल स्तर पर बनाए जाएंगे। अब तक यह सुविधा जिला स्तर पर ही उपलब्ध थी। ग्रेड ए तथा बी के सर्टिफिकेट निदेशालय की तरफ से जारी होते हैं लेकिन सी और डी ग्रेड सर्टिफिकेट जिला खेल विभाग द्वारा ही जारी कर दिए जाते थे। प्रदेश के सभी जिलों को 4 मंडलों के आधार पर बांटा गया है। जींद जिला पहले हिसार मंडल में आता था लेकिन अब इसे रोहतक मंडल में शामिल कर दिया गया है। इसी मंडल में एक-एक डिप्टी डायरेक्टर भी नियुक्त किया हुआ है।

सर्टिफिकेट के लिए महीने के दो दिन किए निर्धारित

मंडल स्तर पर ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनवाने के लिए खेल विभाग की तरफ से दो दिन निर्धारित किए गए हैं। हर महीने के दूसरे और चौथे मंगलवार को ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाकर दिए जाएंगे। प्रमाण-पत्र खेल निदेशालय की तरफ से छपवा कर मंडल स्तर पर भेजे जाएंगे।

यह होते हैं खेल ग्रेडेशन के फायदे

खिलाड़ियों के लिए खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट काफी महत्वपूर्ण होता है। कालेज में दाखिला लेना हो या सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करना होगा, खिलाड़ियों के लिए अलग से स्पोर्ट्स कोटा निर्धारित होता है। इसमें सर्टिफिकेट के ग्रेड के हिसाब से छूट मिलती है। सरकार द्वारा भी इन खिलाड़ियों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं।

'जिला खेल अधिकारी राजबाला दहिया ने बताया कि जींद जिले के खिलाड़ियों के खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट अब मंडल स्तर पर बनाए जाएंगे। इसको लेकर मुख्यालय से आदेश जारी हो चुके हैं। उसी के आधार पर नोटिस भी चस्पा किया गया है। जींद जिला रोहतक मंडल के अंतर्गत आता है।'

chat bot
आपका साथी