कमजोर वर्ग का उत्थान कर रही है भाजपा : नायब सैनी

जागरण संवाददाता पानीपत पुलिस के पहरे के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संविधान निर्माता डा.भीम

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 05:14 AM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 05:14 AM (IST)
कमजोर वर्ग का उत्थान कर रही है भाजपा : नायब सैनी
कमजोर वर्ग का उत्थान कर रही है भाजपा : नायब सैनी

जागरण संवाददाता, पानीपत : पुलिस के पहरे के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संविधान निर्माता डा.भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाई। सेक्टर 12 स्थित एक निजी स्कूल में समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

सैनी ने कहा कि बाबा साहब की सोच थी कि कमजोर वर्ग का उत्थान हो। भाजपा सरकार वही कर रही है। जन धन योजना, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद की जा रही है। मनोहर सरकार ने सुकन्या विवाह योजना में राशि 21 हजार से बढ़ाकर 51 हजार की। पहले की सरकारों ने बाबा साहब के नाम का इस्तेमाल केवल वोट के लिए किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा की जिला अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यदि बाबा साहब स्त्री शिक्षा के लिए संघर्ष न करते, संविधान में समानता का अधिकार न देते तो वह भी आज इस जगह पर न होतीं। डा.आंबेडकर ने शिक्षा पर बल दिया। उनको सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम अपने बच्चों को शिक्षित करें। डा. अर्चना ने कहा कि कई देश भारत के साथ आजाद हुए। कई देशों में लोकतंत्र परिपक्व नहीं हुआ। भारत में लोकतंत्र की जड़ें गहरी हुई हैं। सांसद संजय भाटिया ने कहा कि बाबा साहब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की शाखा में जाते थे। उन्होंने कहा था कि यहीं सही अर्थों में समरसता है। यहां कोई भेद भाव नहीं। जो लोग ये कहते हैं कि भाजपा व आरएसएस दलित विरोधी है, इसका मतलब वे सही से बाबा साहब को नहीं जानते। बाबा साहब ने लोकसभा चुनाव लड़ा तब उनके चुनाव का प्रबंधन दांतोपांत ठेंगड़ी ने देखा था। पूर्व मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज तक किसी भी सरकार ने महर्षि वाल्मीकि जयंती, गुरु रविदास जयंती, संत कबीर जयंती व बाबा साहब की जयंती सरकारी तौर पर नहीं मनाई। मनोहर सरकार ने अधिसूचना जारी कर महापुरुषों को याद किया। विधायक प्रमोद विज ने कहा कि हमें कमजोर वर्ग के बच्चों की पढ़ाई लिखाई में योगदान देना चाहिए। यही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विधायक महिपाल ढांडा, मेयर अवनीत कौर, भाजपा अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष मुकेश वाल्मीकि ने भी विचार व्यक्त किए। मंच संचालन रवींद्र भाटिया ने किया। इस अवसर पर देव मलिक, तरुण गांधी, दुष्यंत भट्ट, मीडिया प्रभारी ईश कुमार राणा, सौरभ गुप्ता, मोना शर्मा, आशीष संधु, सुनीता गोयल, बबीता नरवाल, सोनिया गाबा, सुनील परडाना, अनीता चावला, विशाल गोस्वामी, अशोक कटारिया मौजूद रहे।

रोहिता रेवड़ी नहीं पहुंचीं

पूर्व विधायक रोहिता रेवड़ी को भी आमंत्रित किया गया था। दरअसल, टिकट कटने के बाद सार्वजनिक तौर पर भाजपा ने उन्हें पहली बार आमंत्रित किया। संगठन की ओर से प्रदेशभर में यह संदेश दिया गया था कि कार्यक्रमों में भाजपा के पूर्व विधायकों को भी बुलाया जाए। तब जिला अध्यक्ष व महामंत्री ने रोहिता रेवड़ी के नाम का संदेश भेजा। टिकट नहीं मिलने के बाद से रोहिता और उनके पति सुरेंद्र ने खुद को पार्टी से दूर कर लिया है। हालांकि पार्टी को छोड़ा नहीं है।

chat bot
आपका साथी