अंबाला में जमीन के लिए खूनी खेल, बाप ने पीछे से पकड़ा, बेटे ने चाकू घोंप मौत के घाट उतार दिया

अंबाला में जमीन के झगड़े में खून बहा। निशानदेही को लेकर झगड़ा हुआ था। बाप और उसके दो बेटों ने चाचा-भतीजे पर हमला कर दिया। आरोपित बाप ने चाचा को पीछे से पकड़ लिया। उसके बेटे ने चाकू घोंप दिया। बीच-बचाव में मृतक का भतीजा भी घायल हो गया।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 08:34 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 08:34 AM (IST)
अंबाला में जमीन के लिए खूनी खेल, बाप ने पीछे से पकड़ा, बेटे ने चाकू घोंप मौत के घाट उतार दिया
खेतों में चल रही निशानदेही को लेकर झगड़ा हुआ। गांव में कंप्यूटराइज निशानदेही चल रही थी।

अंबाला/शहजादपुर, जेएनएन। निशानदेही को लेकर गांव बापौली में झगड़ा हो गया। ऐसे में गांव के ही कर्म सिंह व उसके दोनों बेटे साहिल व सोहन उर्फ सोनू ने 54 वर्षीय जसवंत सिंह की छाती में चाकू घोंप दिया। आरोपितों से बीचबचाव कर रहे जसवंत सिंह के भतीजे जगतार सिंह को भी हाथ की उंगली पर चाकू लगे हैं।

मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुटती देख सभी आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। चाकू लगने से बुरी तरह से घायल जसवंत सिंह को शहजादपुर अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना के बाद शहजादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक जसवंत सिंह के भतीजे जगतार सिंह की शिकायत पर आरोपित कर्म सिंह व उसके दोनों बेटों साहिल व साेहन उर्फ सोनू के खिलाफ मारपीट और हत्या का केस दर्ज किया है।

इसको लेकर हो रही थी निशानदेही

पुलिस को दिए बयानों में जगतार सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। रिश्ते में जसवंत सिंह उसका चाचा लगता है। करीब 2 महीने पहले गांव में सरकार के आदेशानुसार जमीन की कंप्यूटराइज निशानदेही हुई थी। उस समय खेतों में गेहूं की फसल खड़ी थी। ऐसे में उस समय जो निशानदेही की गई थी ,वह गेहूं की फसल खड़ी होने के चलते पक्की नहीं लगी थी। ऐसे में यह कच्ची निशानियां मिट गई थीं। 12 जून को दोबारा गांव में जमीन की निशानदेही हुई थी। इस दौरान गांव के काफी लोग मौजूद थे। चाचा जसवंत सिह के नंबर की जमीन गांव के कर्म सिंह आबादी की जमीन के साथ लगती है। निशानदेही में कर्म सिंह की आबादी की कुछ जमीन जसवंत सिंह के नंबर की जमीन में आ गई थी। इस पर कर्म सिंह अपना कब्जा कर रहा था।

पिता ने पीछे से पकड़ा और बेटे ने घोंपे छाती में चाकू

जगतार सिंह के मुताबिक, निशानदेही के बाद तकरीबन सभी लोग अपने-अपने घर चले गए थे। वह खुद व भाई मुख्त्यार सिंह एवं चाचा जसवंत सिंह अपने खेत के पास बापौली चताण मोड़ पर खड़े बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान कर्म सिंह वहां आ गया और चाचा जसवंत सिंह से बहस कर गाली-गलौज शुरू कर दी। कर्म सिंह ने फोन कर अपने बेटे सोहन उर्फ सोनू व साहिल को बुला लिया। दोनों चाकू लेकर वहां गए। आरोपित उसके भाई मुख्तयार सिंह व चाचा जसवंत सिंह को पीटने लगे। कर्म सिंह ने चाचा जसवंत सिंह को पीछे से पकड़ लिया और सोनू उर्फ सोहन ने चाकू उनकी छाती में दो बार चाकू से वार कर दिया। जसवंत सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच बचाव में खुद जगतार सिंह भी घायल हो गया। 

क्या कहती है पुलिस

वहीं, इस मामले में एसएचओ शहजादपुर विरेंद्र वालिया ने कहा कि मृतक के भतीजे की शिकायत पर तीन आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में अभी जांच चल रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी