दिल्ली से करनाल तक दौड़ेगी रैपिड ट्रेन, राष्ट्रीय राजमार्गों पर रुके कार्यों में आएगी तेजी : सांसद भाटिया

पानीपत में सांसद संजय भाटिया ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी में प्रधानमंत्री की पहल पर जिस तरह से संस्थाओं ने सरकार का साथ दिया है उससे आंतरिक सम्मान को बल मिला है।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Thu, 04 Jun 2020 10:27 AM (IST) Updated:Thu, 04 Jun 2020 05:49 PM (IST)
दिल्ली से करनाल तक दौड़ेगी रैपिड ट्रेन, राष्ट्रीय राजमार्गों पर रुके कार्यों में आएगी तेजी : सांसद भाटिया
दिल्ली से करनाल तक दौड़ेगी रैपिड ट्रेन, राष्ट्रीय राजमार्गों पर रुके कार्यों में आएगी तेजी : सांसद भाटिया

पानीपत, जेएनएन। रैपिड ट्रेन पानीपत के बजाय करनाल तक चलेगी। लॉकडाउन के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों पर रुके कार्यों में तेजी लाई जाएगी। केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर जीटी रोड स्थित विधायक प्रमोद विज के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात करनाल के सांसद संजय भाटिया ने कही।  

सांसद ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार का पहला वर्ष बहुत ही प्रभावशाली और चुनौतीपूर्ण रहा है। जनादेश, शासन की गति सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, मजबूत बुनियादी ढांचा और सुशासन देने में भी यह वर्ष महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संरक्षण प्रदान करने के लिए पौधारोपण करना अनिवार्य है।

करनाल क्षेत्र में 10 लाख पौधे आगामी मानसून के दौरान लगवाने का निर्णय लिया है। मीडिया और हरियाणा की जनता को जल संरक्षण की सभी योजनाओं का समर्थन करना चाहिए। उद्योगपतियों को भी भूमिगत जल बचाने में और अधिक सहयोग देना चाहिए।

संस्थाओं ने सरकार का दिया साथ

सांसद ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी में प्रधानमंत्री की पहल पर जिस तरह से संस्थाओं ने सरकार का साथ दिया है, उससे आंतरिक सम्मान को बल मिला है। यही कारण था कि पानीपत की धरती पर कोई भी श्रमिक भूखा नहीं रहा। भाजपा शीघ्र ही 20 लाख परिवारों तक व्यक्तिगत सोशल मीडिया और वर्चुअल माध्यम से पहुंचेगी। पीएम के द्वारा लिखा पत्र और योजनाओं की प्रति के साथ एक बूथ पर 100 प्रतियां वितरित की जाएगी।

जनता की मांग पत्र पर हुआ काम

संसदीय चुनाव होने से पहले दैनिक जागरण की तरफ से जनता का मांग पत्र प्रकाशित किया गया था। सांसद संजय भाटिया के निर्वाचित होने के बाद सेक्टर 25 जिमखाना क्लब में उन्हें यह मांग पत्र सौंपा गया। इस मांग पत्र के अनुरूप काम होने लगा है। 

-पानीपत मेरठ रेलवे लाइन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। बागपत व शामली के सांसदों के बीच रेल लाइन को लेकर हुए विवाद का समाधान करा दिया गया है। 

-टोल मुक्त पानीपत के लिए उन्होंने संसद में आवाज उठाई है। कंपनी से पूछा है कि आप बताएं कि पानीपत के लोगों से टोल नहीं लेंगे तो कितने का नुकसान होगा, उसकी भरपाई सरकार से कराएंगे।

-टेक्सटाइल रिसर्च सेंटर के बारे में कहा कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व अनुराग ठाकुर से बात हो गई है। लॉकडाउन की वजह से दोनों मंत्रियों का कार्यक्रम टल गया। स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम करेंगे।

-यमुना नदी को स्वच्छ कराएंगे

-लोगों को स्वच्छ पेयजल दिलाने के लिए रैनीवेल प्रोजेक्ट भी चालू कराएंगे।

-लॉकडाउन के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों पर रुके कार्यों में तेजी लाई जाएगी। यमुना एक्सप्रेस वे बनवाने के लिए भी उन्होंने बात की है।

chat bot
आपका साथी