Haryana Weather News: मौसम को लेकर आई अच्‍छी खबर, जानिए हरियाणा में कब दस्‍तक दे रहा प्री मानसून

इस बार गर्मी से मिलती रहेगी राहत। 15 जून तक दस्तक दे सकता है प्री मानसून। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक मानसून भी जुलाई के पहले सप्ताह में दे सकता है दस्तक इस बार अच्छी बरसात की बनी है संभावना।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 08 Jun 2021 04:12 PM (IST) Updated:Tue, 08 Jun 2021 05:38 PM (IST)
Haryana Weather News: मौसम को लेकर आई अच्‍छी खबर, जानिए हरियाणा में कब दस्‍तक दे रहा प्री मानसून
15 जून तक प्री मानसून की दस्‍तक।

करनाल, जेएनएन। गर्मी शुरू होते ही लोग मानसून आने का इंतजार करने लगते हैं। खासकर इन दिनों किसान बरसात की उम्मीद लगाए बैठे हैं। क्योंकि धान की रोपाई का सीजन शुरू हो रहा है। लेकिन लोगों के लिए यह सुखद संकेत है कि प्रदेश में 15 जून तक प्री मानसून दस्तक दे सकता है। 12 जून के बाद से प्री मानसून की गतिविधियां तेज हो जाएंगी और 15 तक बरसात होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, जिस तरह मौसम की स्थिति बदल रही है, उसके अनुसार हरियाणा में मानसून जुलाई के प्रथम सप्ताह में पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मानसून समय पर दस्तक दे सकता है। इस समय दक्षिण-पश्चिम मानसून का सिनोप्टिक सिस्टम और तेजी से आगे रहा है। बंगाल की उत्तरी खाड़ी और आसपास के इलाकों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। जो मानसून को आगे बढ़ाने में सहयोगी बनेगा। आमतौर पर हरियाणा में जुलाई के प्रथम सप्ताह में नमी वाली हवाएं पहुंचती हैं।

इस बार गर्मी तो होगी, लेकिन बीच-बीच में मिलती रहेगी राहत

मौसम वैज्ञानियों के मुताबिक इस बार सीजन में गर्मी तो होगी, लेकिन पिछले कुछ सालों से गर्मी का असर कम देखने को मिलेगा। क्योंकि यदि प्री मानसून 15 जून को आ जाएगा तो गर्मी से लोगों को राहत मिल जाएगी। अच्छी बात यह है कि हरियाणा में धान रोपाई का काम भी 15 जून से शुरू होना है। ऐसे में इस समय में होने वाली बरसात किसानों के लिए किसी राहत से कम नहीं है।

प्रदेश में मई में सामान्य से 138 व जून में अब तक 179 प्रतिशत अधिक हुई बरसात

मौसम विभाग के मुताबिक मई माह लोगों के लिए राहत भरा गुजरा। मई में लगातार सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से लगातार बरसात हुई है। इस माह में 18.9 एमएम बरसात होनी चाहिए थी, लेकिन 45.0 एमएम बरसात बरसात हुई। यानि सामान्य से 138 प्रतिशत अधिक बरसात हुई है। आठ जून तक क्षेत्र में 5.9 एमएम बरसात होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 16.5 एमएम पूरे प्रदेश में बरसात दर्ज की जा चुकी है। यह सामान्य से 179 फीसदी ज्यादा है। एक बार फिर बरसात की संभावना बनी हैं। मौसम करवट ले सकता है।

41.0 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान

मंगलवार को अधिकतम तापमान उछाल के साथ 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है जो 28.1 एमएम दर्ज की गई। सुबह के समय नमी की मात्रा 73 फीसदी दर्ज की गई जो शाम को घटकर महज 31 फीसदी रह गई। हवा का दबाव सुबह 23.2 फीसदी थी जो शाम को घटकर 18.2 फीसदी रह गया। हवा 2.4 किलोमीटर प्रतिघंटा की औसत रफ्तार से चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। गर्मी बढ़ेगी।

chat bot
आपका साथी