कुरुक्षेत्र में बदमाशों ने बाइक सवार की छाती में मारी गोली, मदद के लिए रोक वारदात को दिया अंजाम

कुरुक्षेत्र में बाइक सवार को गोली मार दी गई। बाइक सवार को मदद के बहाने रोककर बदमाशों ने गोली मारी। मंगलवार की रात बाबैन के गांव बड़तौली के पास हुई घटना। दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 01 Sep 2021 12:00 PM (IST) Updated:Wed, 01 Sep 2021 12:00 PM (IST)
कुरुक्षेत्र में बदमाशों ने बाइक सवार की छाती में मारी गोली, मदद के लिए रोक वारदात को दिया अंजाम
कुरुक्षेत्र में बाइक सवार को गोली मार दी गई।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र के गांव बड़तौली के पास मंगलवार की रात को दो बदमाशों ने एक मोटरसाइकिल सवार युवक को गोली मार दी। बगैर नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार होेकर आए बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल हुए युवक की पहचान गांव बड़तौली के ही विक्रम उर्फ विक्की के रूप में हुई है।

घायल युवक का कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले युवक से मोटरसाइकिल छीनने का प्रयास किया। इसमें असफल रहने पर उन्होंने विक्रम को गोली मार दी और फरार हो गए।

पुलिस को दिए बयान में गांव बड़तौली निवासी दीपक ने बताया कि वह मंगलवार की शाम को अपने चचेरे भाई विक्रम उर्फ विक्की के साथ गांव से बाबैन जा रहा था। गांव में शराब के ठेके से थोड़ी दूरी पर ही सड़क किनारे उन्हें दो युवक खड़े मिले। दोनों युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह मदद के लिए रुक गए। इसके बाद युवकों ने कहा कि उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया है, उन्हें थोड़ा सा पेट्रोल चाहिए।

उन्होंने युवकों से कहा कि उनकी बाइक में पेट्रोल कम है। वह उन्हें हाथ पकड़ कर कर पेट्रोल पंप तक पहुंचा देंगे। इतने में दोनों युवकों ने उनके ऊपर हमला कर दिया। इसके बाद उनमें मारपीट शुरू हो गई। दोनों अज्ञात युवकों ने विक्की को अपने ऊपर भारी पड़ता देख देसी कट्टे से गोली चला दी। गोली सीधे विक्की की छाती में लगी। इसके बाद बदमाश वहां से भागने लगे तो विक्की ने फायर करने वाले बदमाश को दबोच लिया। विक्की की पकड़ से फरार होने के लिए बदमाश ने उसके सिर पर देसी कट्टे के बट से वार किया और फरार होने में कामयाब रहा। इसके बाद वह घायल विक्की को लोगों की मदद से लाडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचा, जहां से चिकित्सकों ने उसे लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इलाज के लिए विक्की को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

थाना बाबैन से जांच अधिकारी जसबीर सिंह ने बताया कि गांव बड़तौली के दीपक कुमार की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। चिकित्सकों ने घायल विक्रम को अभी बयान देने के लिए अनफिट बताया है। घायल की हालत में सुधार होते उसके बयान लिए जाएंगे। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है।

बढ़ती जा रही हैं छीना झपटी घटनाएं

पिछले माह से जिला भर में छीना झपटी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इससे लोगों में दहशत के साथ-साथ रोष बढ़ता जा रहा है। इनमें कई मामलों में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। लोग बार-बार पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी