तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा दे फंसाया, दुष्कर्म कर तेजाब फेंकने की दी धमकी
यमुनानगर में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित ने एक तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर संबंध बनाया। इसके बाद शादी से इन्कार कर दिया। जब महिला ने पुलिस में शिकायत देने को कहा तो तेजाब फेंकने की धमकी दी।
यमुनानगर, जेएनएन। तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर युवक संबंध बनाता रहा। बाद में शादी से इन्कार कर दिया। साथ ही महिला को धमकी दी कि यदि कही शिकायत की, तो वह उसके चेहरे पर तेजाब डाल देगा। किसी तरह से हिम्मत कर पीड़िता ने अपने परिवार वालों को इस बारे में बताया। इसके बाद सेक्टर 17 थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपित पर केस दर्ज किया।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 27 वर्षीय महिला का वर्ष 2018 में पति के साथ तलाक हो गया था। इसके बाद से ही वह अपने माता पिता के साथ किराये के मकान में रह रही है। जिस कालोनी में महिला रहती थी। वहीं पर सुभाषनगर कालोनी का युवक दूध बेचने के लिए आता है। जिस पर महिला की उससे जान पहचान हो गई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। आरोपित ने उससे शादी का वादा किया।
दिसंबर 2018 में उसने महिला को मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां पर आरोपित ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब भी उससे शादी की बात करती, तो आरोपित टाल मटोल कर देता। इस दौरान वह अक्सर उसे मिलने के लिए फार्म हाउस पर बुलाता था। जहां उसके साथ संबंध बनाता रहा। वर्ष 2020 में महिला को पता लगा कि आरोपित शादीशुदा है और उसका पत्नी के साथ तलाक का केस चल रहा है।
इस बात का पता लगते ही महिला ने आरोपित के खिलाफ शिकायत देने धमकी दी, तो आरोपित ने अपनी गलती मान ली और आश्वासन दिया कि कुछ दिन में उसका उसका तलाक हो जाएगा। इसके बाद वह शादी कर लेगा। आरोप है कि अपनी पत्नी से तलाक होने के बाद भी आरोपित ने शादी नहीं की और टाल मटोल करता रहा। करीब दो माह पहले महिला अपनी सहेली की साथ शादी समारोह में गई थी। वहां पर भी आरोपित पहुंच गया और अपने परिवार से मिलाने का झांसा देकर फार्म हाउस पर लेकर गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में शादी से इन्कार कर दिया। साथ ही धमकी दी कि यदि इस बारे में किसी को कुछ बताया या शिकायत की, तो वह तेजाब डाल देगा।