कांग्रेसियों की आधी-अधूरी साइकिल यात्रा, शाह नहीं आए तो समर्थक भी पीछे हटे

फोटो 29 30 महंगी गाड़ियों से आए कइयों ने साइकिल नहीं चलाई जागरण संवाददाता पानीपत क

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 07:59 AM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 07:59 AM (IST)
कांग्रेसियों की आधी-अधूरी साइकिल यात्रा, शाह नहीं आए तो समर्थक भी पीछे हटे
कांग्रेसियों की आधी-अधूरी साइकिल यात्रा, शाह नहीं आए तो समर्थक भी पीछे हटे

फोटो 29, 30

महंगी गाड़ियों से आए, कइयों ने साइकिल नहीं चलाई

जागरण संवाददाता, पानीपत : कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा के आह्वान पर पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेसियों ने साइकिल रैली निकाली। यह रैली फतेहपुरी चौक से शुरू हुई। जिले के कई बड़े नेता महंगी गाड़ियों में सवार होकर चौक पर पहुंचे। कांग्रेस की चिरपरिचित गुटबाजी साइकिल यात्रा में भी दिखी।

पूर्व मंत्री बिजेंद्र उर्फ बिल्लू कादियान मारुति जिप्सी से फतेहपुरी चौक पहुंचे। फतेहपुरी चौक से साइकिल संभाली, संजय चौक तक साथ रैली का साथ दिया। प्रेम सचदेवा और शशि लूथरा कार में सवार दिखे, साइकिल नहीं चला सके। कांग्रेस सेवा दल के नेता बाबूराम कौशिक अपनी ब्लैक कलर की पजेरो में कुछ साइकिल सवार साथियों के साथ अलग ही साइकिल रैली निकालते दिखे।

कांग्रेस नेता वीरेंद्र उर्फ बुल्लेशाह की तबीयत खराब रही, इसलिए साइकिल रैली में शामिल नहीं हो सके। उनके बड़े भाई एवं पूर्व विधायक बलबीर पाल शाह भी इन दिनों बीमार हैं। शाह नहीं दिखे तो उनके समर्थकों ने भी रैली से किनारा कर लिया। धर्मपाल गुप्ता भी रैली में शामिल नहीं हुए, उन्होंने घरेलू कार्यों में अपनी व्यस्तता जाहिर की।

पार्टी नेता संजय अग्रवाल, ओमवीर पंवार व नरेश अत्री ने रैली की शुरुआत से समाप्ति तक साइकिल चलाते हुए कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। गर्मी से परेशानी तो नहीं हुई? इस प्रश्न पर नेताओं ने कहा कि महंगाई के कारण देश की जनता पसीना-पसीना है। सरकार ईंधन तेल के दाम घटाएं ताकि अन्य वस्तुएं भी सस्ती हो सकें। यहां से गुजरी साइकिल यात्रा

फतेहपुरी चौक से यात्रा शुरू हुई। लालबत्ती, इंसार चौक से होते हुए पचरंगा बाजार, अमर भवन चौक, सेठी चौक से होते हुए सनौली रोड पहुंची। इसके बाद संजय चौक से खटीक बस्ती से निकलकर आठ मरला में यात्रा का समापन हुआ। इससे पहले अमर भवन चौक पर यात्रा का फूलों से स्वागत भी किया गया। साइकिल की लगाई थी ड्यूटी

साइकिलों के इंतजाम के लिए पहले ही ड्यूटी लगा दी गई थी। ओमवीर पंवार ने 20, संजय अग्रवाल ने 50 साइकिल का इंतजाम किया। अग्रवाल ने कुछ साइकिल नई खरीदी तो कुछ का इंतजाम कार्यकर्ताओं से कराया। अब हस्ताक्षर अभियान

पंवार ने बताया कि महंगाई का विरोध जारी रहेगी। अब 15 जुलाई को पानीपत टोल प्लाजा पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इससे आमजन भी कांग्रेस के अभियान से जुड़ेगा। शहर से कार्यकर्ता नहीं दिखे

कांग्रेस की साइकिल यात्रा में शहर से कार्यकर्ता नहीं दिखे। कांग्रेस नेता एवं हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान सुरेश बवेजा ने बताया कि उन्हें इस साइकिल यात्रा की सूचना नहीं दी गई। उन्हें पता चला है कि पानीपत शहर के स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद नहीं थे। स्थानीय नेता भी नहीं थे। हाई कमान को शिकायत देंगे कि शहर से स्थानीय कार्यकर्ता या नेता को सूचना क्यों नहीं दी जाती, वे क्यों नहीं कार्यक्रम में पहुंच रहे। हालांकि प्रदेश प्रवक्ता ओमवीर पंवार का कहना है कि सभी को निमंत्रण दिया गया था। संजय अग्रवाल ने साइकिल चलाई, जो शहर से ही कांग्रेस के प्रत्याशी रहे हैं।

chat bot
आपका साथी