कुरुक्षेत्र के कीर्ति नगर में चोरी, पड़ोसी पर लगाए आरोप तो जान से मारने की दी धमकी

कुरुक्षेत्र के कीर्ति नगर में एक घर में चोरी हो गई। चोर दो तोले सोने 10 तोले चांदी के जेवर व 20 हजार रुपये की नकदी उड़ाई। शिकायतकर्ता ने एक महिला सहित दो लोगों पर लगाया चोरी का आरोप।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 01:30 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 01:30 PM (IST)
कुरुक्षेत्र के कीर्ति नगर में चोरी, पड़ोसी पर लगाए आरोप तो जान से मारने की दी धमकी
कुरुक्षेत्र के कीर्तिनगर में लाखों की चोरी।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र के कृष्णा गेट थाना पुलिस के अंतर्गत कीर्ति नगर में एक परिवार रामलीला देखने के लिए गया था, पीछे से चोरों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कीर्ति नगर निवासी शांति देवी ने कृष्णा गेट थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 14 अक्टूबर को वह अपने परिवार के साथ रात 10 बजे घर का ताला लगाकर पुराने बस अड्डे के समीप ढींगरा पार्क में रामलीला देखने के लिए गई थी। रात साढ़े 12 बजे जब वह अपने परिवार सहित घर पहुंची तो उसके घर के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान घर में बिखरा पड़ा था। उसने अपने घर से कीर्ति नगर निवासी सोनिया व राजिंद्र को निकल कर भागते हुए देखा था। उसके बाद उसने अपने घर पर ध्यान से देखा तो घर से 10 तोले चांदी के जेवर, दो तोले सोने के आभूषण (बालियां, कोके, अंगूठी) व 20 हजार रुपये की नकदी गायब थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोनिया व राजिंद्र उसके घर से चोरी करके भाग थे। सुबह जब उसने आस पड़ोस के लोगों को एकत्रित किया तो आरोपितों ने उसे व उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे अपनी व अपने परिवार की जान-माल का खतरा बना हुआ है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर उसका चोरी हुआ सामान वापस दिलाया जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच मुख्य सिपाही कर्मबीर सिंह को सौंपी है।

पुलिस कर रही है गहनता से जांच : मुख्य सिपाही कर्मबीर सिंह

मुख्य सिपाही कर्मबीर सिंह ने बताया कि मामला तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पहले आरोपितों के बीच पंचायत हुई है। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

chat bot
आपका साथी