कुरुक्षेत्र में शिक्षिका की आत्महत्या का मामला, तीन दिन बाद मिला शिक्षिका का शव, आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

तीन दिन पहले भाखड़ा-नरवाना ब्रांच नहर के किनारे शिक्षिका की एक्टिवा स्कूटी मिली थी। जिससे सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था। तीन दिन बाद आज शिक्षिका का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Wed, 18 Aug 2021 08:12 PM (IST) Updated:Wed, 18 Aug 2021 08:12 PM (IST)
कुरुक्षेत्र में शिक्षिका की आत्महत्या का मामला, तीन दिन बाद मिला शिक्षिका का शव, आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
तीन दिन बाद गांव किरमिच के पास नहर से मिला शिक्षिका का शव

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। महिला शिक्षक का शव बुधवार को भाखड़ा-नरवाना ब्रांच नहर करीब पांच किलाेमीटर दूर गांव किरमिच के नजदीक नहर से बरामद किया है। पुलिस ने गोताखारों की मदद से महिला के शव को नहर से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया है। महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का एक और मामला दर्ज कर लिया है। इससे एक दिन पहले ही थाना शहर पुलिस ने मृतक महिला शिक्षक के ससुर की शिकायत पर उसकी पौत्री को परेशान करने और छेड़खानी करने के आरोप में एक युवती सहित तीन युवकों के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। 

मृतक महिला शिक्षक की स्कूटी 16 अगस्त को गांव मिर्जापुर में भाखड़ा-नरवाना ब्रांच नहर के किनारे खड़ी मिली थी। इसी स्कूटी से पुलिस को सुसाइड नोट और महिला शिक्षक का मोबाइल मिला था। सुसाइड नोट में महिला ने एक युवती और तीन युवकों पर उसकी बेटी को परेशान करने के आरोप लगाए थे। उसने लिखा था यह तीनों उसकी बेटी को परेशान करते हैं और उसका पति विदेश में है। इस छेड़खानी से परेशान होकर उसने युवकों के परिवार वालों को भी यह बात बताई थी। इसके बाद उसने अपनी बेटी को गांव में अपने ससुर के पास भेज दिया था। करीब तीन माह बाद गांव से लौटने के बाद भी इन युवकों ने उसकी बेटी को परेशान करना शुरू कर दिया था।

धारा 306 के तहत मामला दर्ज

स्कूटी से सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने महिला शिक्षक की नहर में तलाश शुरू कर दी थी। अब तीन दिन बाद बुधवार की सुबह महिला का शव गांव किरमिच के पास नहर के पानी पर तैरता मिला है। महिला का शव मिलते ही पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना केयूके जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार जनों को सौंप दिया गया है।

थाना शहर में पोस्को एक्ट के तहत मामला किया दर्ज 

महिला के ससुर की शिकायत पर नाबालिग पौत्री से छेड़छाड़ करने के आरोप में मंगलवार को थाना शहर पुलिस ने एक युवती सहित तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

chat bot
आपका साथी