कुरुक्षेत्र में नहर किनारे मिली शिक्षिका की एक्टिवा, शिक्षिका लापता, सुसाइड नोट भी छोड़ा

कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित नरवाना ब्रांच नहर हेड के पास एक शिक्षिका की एक्टिवा लावारिस हालत मिली। शिक्षिका अब तक लापता है और परिजनों को डर है कि कहीं वह नहर में न डूब गई हो। एक नोट भी छोड़ा है। दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Mon, 16 Aug 2021 07:03 PM (IST) Updated:Mon, 16 Aug 2021 07:03 PM (IST)
कुरुक्षेत्र में नहर किनारे मिली शिक्षिका की एक्टिवा, शिक्षिका लापता, सुसाइड नोट भी छोड़ा
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान चलाया।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। केयूके थाना पुलिस के अंतर्गत ज्योतिसर स्थित नरवाना ब्रांच नहर हेड पर रविवार दोपहर को लावारिस हालत में एक एक्टिवा मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि यह एक्टिवा एक शिक्षिका की है। वह में सेक्टर सात में किराये के मकान में अपने दो बच्चों सहित रह रही है। पुलिस को एक्टिवा के लावारिस रूप में खड़ी होने की जानकारी नहर विभाग के बेलदारों ने दी।

परिजनों के सामने एक्टिवा की तलाशी लेने पर पुलिस को एक मोबाइल, एक पर्स और पर्स में महिला के लिखा सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट के बारे में कुछ नहीं बता रही। सूत्रों के अनुसार, शिक्षिका ने सुसाइड नोट में करीब एक साल से दो युवकों द्वारा उसके बेटे और बेटी को परेशान करने की बात लिखी है। इनसे परेशान हो शिक्षिका ने सुसाइड करने की बात लिखी है। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान चलाया है। समाचार लिखे जाने तक शिक्षिका के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया था। महिला का पति अमेरिका में रह रहा है। 

सुसाइड नोट में पति से मांगी माफी

सूत्रों के अनुसार महिला ने सुसाइड नोट में अपने पति को लिखा है कि डियर हसबेंड, सारी। मैं आपको पेन दे कर जा रही हूं। मैं दिल से चाहती हूं कि आप मेरे जाने के बाद दूसरी शादी कर लें। लेकिन मेरे बच्चों को परेशान करने वाले युवकों को कड़ी सजा दिलवाएं। महिला के ससुर महेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि युवक उसकी पौत्री को काफी समय से परेशान कर रहे थे, जिसके चलते उन्होंने उनके परिजनों को भी दो बार इस बात के लिए समझाया था।

तीन-चार दिन पहले ही दादा के घर से लौटी थी बेटी

पिछले तीन महीने से वह अपनी पौत्री को अपने पैतृक गांव ले गए थे। लेकिन अभी तीन-चार दिन पहले वह कुरुक्षेत्र स्थित अपने किराये के मकान में अपनी मां और भाई के पास लौटी थी। जिन युवकों का सुसाइड नोट में जिक्र है उन्होंने उसे फिर से परेशान करना शुरू कर दिया था। इसी बात को लेकर उनकी बहू काफी परेशान थी। उन्हें शक है कि इसी परेशानी के चलते उसकी पुत्रवधू ने नहर में छलांग लगाई होगी।

सुबह साढ़े नौ बजे बेलदारों ने देखा था शिक्षिका को नहर किनारे घूमते

बेलदारों के मुताबिक शिक्षिका ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक्टिवा को नहर किनारे खड़ा किया था। उसके बाद वह नहर की पटरी पर घूमती देखी गई थी। जब दोपहर तक वह वापिस नहीं आई तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक्टिवा के नंबर के आधार पर उसके स्वजनों तक सूचना पहुंचाई। स्वजनों ने मौके पर पहुंच कर एक्टिवा को पहचाना।

पुलिस गोताखोरों की मदद से खंगाल रही है नहर : चौकी प्रभारी

केयूके थाना पुलिस के अंतर्गत ज्योतिसर पुलिस चौकी प्रभारी राम स्नेही ने बताया कि पुलिस गोताखोरों की मदद से नहर को खंगाल रही है। पुलिस को मिला सुसाइड नोट जांच का आधार है, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस पहले महिला का सुराग लगा रही है।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी